यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 09, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
AAP MLA मेहराज मलिक पर लगाए गए PSA पर CM Omar Abdullah ने उठाए सवाल, हजरबल मामले पर भी दिया बयान
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने डोडा से आप पार्टी के विधायक मेहराज मलिक पर जन सुरक्षा अधिनियम (पीएसए) के ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, जागरण, श्रीनगर। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को डोडा से आप पार्टी के विधायक मेहराज मलिक पर जन सुरक्षा अधिनियम (पीएसए) के तहत मामला दर्ज करने के औचित्य पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह कदम अनुचित और लोकतांत्रिक मूल्यों को नुकसान पहुँचाने वाला है।
श्रीनगर में पत्रकारों से बात करते उमर अब्दुल्ला ने कहा "क्या कोई मुझे बता सकता है कि असल में उनकी क्या गलती है? क्या उन्होंने पथराव करवाया? क्या उन्होंने शांति और व्यवस्था भंग की? सच तो यह है कि हज़रतबल में माहौल बिगाड़ने और लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है जबकि एक निर्वाचित विधायक को पुलिस थानों में घसीटकर पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: डोडा से AAP विधायक मेहराज पर क्यों लगा PSA? विवादों से रह चुका है पुराना नाता
उमर ने आगे कहा, "अगर उनकी ओर से कोई कमी थी, तो उसे विधानसभा अध्यक्ष के अधिकार क्षेत्र में विधानसभा में संबोधित किया जाना चाहिए था। लेकिन पीएसए लगाना पूरी तरह से गलत है। इससे लोगों का लोकतंत्र में विश्वास कम होता है।"
मुख्यमंत्री ने कहा, "13 जुलाई को कई नेताओं को गलत तरीके से हिरासत में लिया गया। 14 जुलाई को मेरे साथ भी पुलिस ने दुर्व्यवहार किया। अब एक और विधायक को पीएसए के तहत हिरासत में लेना गलती ही है। ऐसे कदम न तो सही हैं और न ही लोकतंत्र के लिए स्वस्थ हैं।
