BJP का वॉकआउट, सदन में अकेले डटे रहे युद्धवीर सेठी; CM उमर ने बांधे तारीफों के पुल, बोले- 'असली विधायक'
भाजपा के वॉकआउट के बावजूद युधवीर सेठी सदन में डटे रहे और अपने क्षेत्र के मुद्दे उठाए, जिसके लिए CM ...और पढ़ें

CM ने कहा- यह असली और नकली विधायक के बीच का अंतर दर्शाता है। (फाइल फोटो)
HighLights
भाजपा विधायकों ने शेख अब्दुल्ला जयंती अवकाश मांग पर वॉकआउट किया।
युधवीर सेठी सदन में डटे रहे, अपने क्षेत्र के मुद्दे उठाए।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सेठी के जनहित कार्य की प्रशंसा की।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को भाजपा विधायक युद्धवीर सेठी की सराहना की। सेठी उस समय भी जम्मू-कश्मीर विधानसभा में मौजूद रहे, जब उनकी पार्टी के अन्य विधायकों ने शेख अब्दुल्ला की जयंती पर छुट्टी बहाल करने की मांग के विरोध में सदन से वॉकआउट कर दिया।
दरअसल, विधानसभा की कार्यवाही के दौरान नेशनल कॉन्फ्रेंस के सदस्यों ने शेख अब्दुल्ला की जयंती को सरकारी अवकाश घोषित करने की मांग उठाई। इसके विरोध में भाजपा विधायकों ने सदन से बाहर निकलते हुए महाराजा हरि सिंह के समर्थन में नारे लगाए। हालांकि, युद्धवीर सेठी सदन में ही बैठे रहे और कार्यवाही में हिस्सा लेते हुए अपने क्षेत्र से जुड़ा सवाल उठाया।
'मैं विधायक की सराहना करता हूं'
सेठी के सवाल का जवाब देने से पहले मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने उनके सदन में बने रहने के फैसले का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विधायक ने पार्टी के विरोध-प्रदर्शन के बावजूद अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों से जुड़े मुद्दे उठाने को प्राथमिकता दी।
उमर अब्दुल्ला ने कहा, 'मैं विधायक की सराहना करता हूं कि उन्होंने अपनी पार्टी से अलग रुख अपनाते हुए लोगों के मुद्दे उठाए। वह सदन का इस्तेमाल जनता के हित में करना चाहते हैं। यह एक असली और एक नकली विधायक के बीच का अंतर दर्शाता है।'
इसके बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा विधायक युधवीर सेठी द्वारा उठाए गए सवाल का जवाब दिया।
BJP का सदन से वॉकआउट
भाजपा विधायकों का वॉकआउट विधानसभा के शरदकालीन सत्र के दूसरे दिन शेख अब्दुल्ला की जयंती पर अवकाश घोषित करने की मांग को लेकर हुई चर्चा के बाद हुआ।
सदन से बाहर निकलते समय भाजपा के सदस्यों ने महाराजा हरि सिंह के समर्थन में नारे लगाए, जबकि युद्धवीर सेठी सदन में मौजूद रहकर कार्यवाही में भाग लेते रहे।
