दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में बादल फटने से अचानक आई बाढ़, कई होटल और घर प्रभावित
दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में शनिवार शाम बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई, जिससे कई होटल और घरों में ...और पढ़ें
-1783793863326_m.webp)
पहलगाम में बादल फटने से अचानक आई बाढ़। फोटो एक्स
HighLights
पहलगाम में बादल फटने से अचानक बाढ़ आई।
कई होटल और घरों में पानी घुस गया।
किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम और आसपास के ऊपरी इलाकों में शनिवार शाम बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़ से जनजीवन प्रभावित हो गया। प्रशासन के अनुसार, अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, जबकि प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं निगरानी अभियान जारी है।
जानकारी के अनुसार, पहलगाम के आवूरा और देहवाथू के वन क्षेत्र में शनिवार शाम अचानक मूसलाधार बारिश हुई, जिसे स्थानीय स्तर पर बादल फटने की घटना माना जा रहा है। इसके चलते आवूरा नाले में अचानक बाढ़ आ गई। यह नाला आगे चलकर बटकूट में लिद्दर नाले से मिलता है।
अचानक आई बाढ़ के कारण क्षेत्र के कम से कम आधा दर्जन होटल प्रभावित हुए। एहतियात के तौर पर होटलों में ठहरे पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर स्थित अन्य होटलों में स्थानांतरित किया गया। बाढ़ के दौरान कुछ स्थानों पर दीवारें गिरने और अन्य संरचनात्मक क्षति की भी सूचना मिली है। इसके अलावा कई घरों में भी पानी घुस गया, जिससे लोगों की संपत्ति को नुकसान पहुंचा।
मौसम विभाग के अनुसार, शाम करीब छह बजे से रात साढ़े नौ बजे तक क्षेत्र में लगातार भारी बारिश होती रही। रात आठ बजे से नौ बजे के बीच अचानक आई बाढ़ ने स्थिति को गंभीर बना दिया। तेज बारिश के चलते शेषनाग नाला और लिद्दर नाला दोनों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ा है। हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोनों नालों का जलस्तर फिलहाल निर्धारित चेतावनी स्तर से नीचे है।
प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रखा है। संवेदनशील क्षेत्रों में बचाव एवं निगरानी दल तैनात किए गए हैं और संभावित नुकसान का आकलन किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रशासन ने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों से अपील की है कि वे नालों और नदियों के किनारों से दूर रहें, विशेष रूप से नाला अर्पात के आसपास जाने से बचें। खराब मौसम को देखते हुए लोगों से प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा संबंधी दिशानिर्देशों का पालन करने की भी अपील की गई है।
समाचार लिखे जाने तक किसी भी प्रकार की जनहानि की पुष्टि नहीं हुई थी। प्रशासन ने कहा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
