अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा में सेंध, FRS की मदद से नुनवान में फिर पकड़ा गया आतंकियों का मददगार
सुरक्षाबलों ने नुनवन, पहलगाम में अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा में लगे फेस रिकॉग्निशन सिस्टम (FRS) की मदद से एक ओवरग्राउंड वर्कर (OGW) को पकड़ा है।
-1783963380390_m.webp)
अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा में सेंध। फाइल फोटो
HighLights
नुनवन, पहलगाम में एक ओजीडब्ल्यू गिरफ्तार।
फेस रिकॉग्निशन सिस्टम (FRS) से हुई पहचान।
अमरनाथ यात्रा सुरक्षा में FRS की अहम भूमिका।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। सुरक्षाबलों ने सोमवार को नुनवन, पहलगाम में आतंकियों के एक ओवरग्राउंड वर्कर को पकड़ा। उससे पूछताछ जारी है। सुरक्षाबलों ने उसे श्री अमरनाथ जी की पवित्र गुफा की वार्षिक तीर्थयात्रा को आतंकी खतरे से पूरी तरह सुरक्षित रखने के लिए इस्तेमाल कि जा रहे फेस रिकग्निशन सिस्टम (एफआरएस) की मदद से पकड़ा है।
यहां यह बताना असंगत नहीं होगा कि श्री अमरनाथ जी की यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए पूरे यात्रा मार्ग और प्रमुख यात्री शिविरों के आस पास एफआरएस का भी प्रयोग किया जा रहा है। मौजूदातीर्थयात्रा में बीते एक सप्ताह के दौरान पहलगाम में यह तीसरा अवसर है जब एफआरएस की मदद से कोई अवांछित तत्व पकड़ा गया हो।
इससे पूर्व 11 जुलाई को मोहम्मद इकबाल वानी नामक एक ओवरग्राउंड वर्कर नुनवन में पकड़ा गया था। उससे पहले बआठ जुलाई को सरबल पहलगाम में आतंियों के तीन पुराने ओवरग्राउंड वर्कर पकड़े गए थे।
पुलिस प्रवक्ता ने सोमवार को को नुनवन में एफआरएस की मदद से ओजीडब्लयू के पकड़े जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि नुनवन आधार शिविर में लगाए गए एफआरएस सिस्टम के पास से जैसे ही उक्त ओजीडब्लयू गुजरा, सिस्टम नें एलर्ट जारी कर दिया और पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे एक्सरे प्वायंट के पास पकड़ लिया। उसकी पहचान फैसल मुजफ्फर पुत्र मुजफ्फर अहमद के रूप में हुई है। वह जिला पुलवामा में बबहारा का रहने वाला है।
पुलिस प्रवक्ता ने उसके पास से किसी प्रकार के हथियार या अन्य कोई आपत्तिजनक साजो सामान बरामद किए जाने के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है,लेकिन यह जरुर बताया कि उससे पूछताछ जारी है ।
