अनंतनाग हाईवे से हटाया गया सुरक्षा बंकर, 21 महीने बाद कश्मीर में पहली ऐसी कार्रवाई; क्यों लिया गया बड़ा फैसला?
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में श्रीनगर-पहलगाम सर्विस लेन पर स्थित एक सुरक्षा बंकर को हटा दिया गया है। यह बंकर ...और पढ़ें

अनंतनाग में सड़क किनारे सुरक्षा बंकर हटाया गया।
HighLights
अनंतनाग में श्रीनगर-पहलगाम सर्विस लेन से सुरक्षा बंकर हटाया गया।
बंकर ब्लाइंड स्पॉट बना रहा था, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा था।
इस कदम से सड़क सुरक्षा और यातायात प्रवाह में सुधार होगा।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में प्रशासन ने मंगलवार को श्रीनगर-पहलगाम सर्विस लेन पर स्थित एक सुरक्षा बंकर को हटा दिया। यह बंकर डोरीपोरा-संगम के पास राष्ट्रीय राजमार्ग के इंटरसेक्शन/एग्जिट के पास था। बीते 21 माह के दौरान यह कश्मीर घाटी मेंं यह पहला अवसर है जब किसी इलाके में से सुरक्षाबलों को बंकर हटाया गया हो।
इससे पूर्व जनवरी 2025 में श्रीनगर के सफाकदल में 1990 के दशक की शुरुआत में स्थापित किया गया बंकर हटाया गया था। यह शहर के सबसे पुराने और बड़े सुरक्षा बंकरों में से एक था।
हाईवे पर ब्लाइंड स्पॉट बना रहा था सुरक्षा बंकर
अनंतनाग में राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक सुरक्षा बंकर को हटाए जाने की पुष्टि करते हुए संबधित अधिकारियों ने बताया कि यह बंकर और इससे जुड़े बैरिकेड सड़क पर ब्लाइंड स्पाट पैदा कर रहे थे। इसके चलते सर्विस लेन से नेशनल हाईवे की ओर जाने वाले वाहन चालकों को दूसरी दिशा से आने वाले वाहनों का पर्याप्त दृश्य नहीं मिल पा रहा था।
खासकर बिजबेहाड़ा और आसपास के इलाकों से हाईवे की ओर आने वाले ट्रैफिक के लिए यह जगह दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील बन गई थी। स्थानीय लोग इस बंकर को हटाने की मांग कर रहे थे। लेकिन यह आसान नहीं था,क्योंकि इस मार्ग पर स्थानीय वाहनों के अलावा पहलगाम और दक्षिण कश्मीर की ओर आने-जाने वाले पर्यटक वाहनों की आवाजाही भी रहती है।
स्थानीय लोगों और पर्यटकों की सुराा के लिहाज से यह जरुरी था, लेकिन संबधित सुरक्षाधिकारियों ने हालात में सुधार को देखते हुए जिला प्रशासन व राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के आग्रह पर बंकर को हटाना मान लिया। अलबत्ता, राष्ट्रीय राजमार्ग में सुरक्षाबल अपने मोबाइल बंकर वाहन के साथ नियमित रूप से मौजूद रहेंगे।
बंकर हटने से सर्विस लेन और जंक्शन का खुला क्षेत्र बढ़ा
संबधित अधिकारियों ने बताया कि बंकर हटने के बाद सर्विस लेन और जंक्शन का खुला क्षेत्र बढ़ गया है। इससे वाहन चालकों को सामने से आने वाले ट्रैफिक को पहले देखने में मदद मिलने की उम्मीद है।
प्रशासन की ओर से बंकर हटाने की कार्रवाई को इसी व्यापक यातायात और सड़क सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा माना जा रहा है।
कश्मीर में पुराने सुरक्षा बंकर हटाने का सिलसिला
कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव के साथ कई शहरी इलाकों से पुराने सुरक्षा कैंप और बंकर समय-समय पर हटाए गए हैं। जून 2016 में तत्कालीन जम्मू-कश्मीर सरकार द्वारा विधानसभा में दिए गए आंकड़ों के अनुसार, 1 जनवरी 2009 से 84 सुरक्षा ढांचे—69 कैंप और 14 बंकर शहरों और कस्बों से हटाए गए थे। उसी दौरान उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, श्रीनगर में 41 कैंप और 10 बंकर हटाए गए थे।
2016 में सरकार ने बताया था कि जम्मू-कश्मीर में कुल 258 सुरक्षा कैंप और 18 बंकर मौजूद थे, जिनमें अकेले श्रीनगर में 117 कैंप और 11 बंकर शामिल थे। गत जनवरी 2025 में भी श्रीनगर के सफाकदल इलाके में 1990 के दशक की शुरुआत में बनाए गए एक पुराने सुरक्षा बंकर को हटाया गया था
