विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अनंतनाग में नशे के नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 6 तस्कर गिरफ्तार; चरस-हेरोइन के साथ नकदी और मशीन भी बरामद

Published: Mon, 05 Oct 2026 06:05 PM (IST)

अनंतनाग पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। विभिन्न स्थानों ...और पढ़ें

अनंतनाग में पुलिस का एक्शन, अलग-अलग जगहों से 6 गिरफ्तार। (फाइल फोटो)

अनंतनाग में पुलिस का एक्शन, अलग-अलग जगहों से 6 गिरफ्तार। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. अनंतनाग में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।

  2. छह लोगों को गिरफ्तार कर चरस, हेरोइन, नकदी जब्त की।

  3. पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक साथ कई स्थानों पर कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। अलग-अलग नाकों और चेकप्वाइंट पर हुई इन कार्रवाइयों में पुलिस ने चरस और हेरोइन बरामद करने के साथ नकदी और एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन भी जब्त की है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के नेटवर्क पर शिकंजा कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई श्रीगुफवारा थाना क्षेत्र के सिरहामा क्रॉसिंग पर नाका चेकिंग के दौरान हुई। यहां पुलिस ने खुर्शीद अहमद नेंगरू पुत्र गुलाम अहमद नेंगरू को संदिग्ध गतिविधि के आधार पर रोका। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 70 ग्राम चरस बरामद हुई।

इसी तरह बिजबेहड़ा थाना पुलिस ने पजालपोरा इलाके में कार्रवाई करते हुए उबैद मजीद शाह पुत्र अब्दुल मजीद शाह को पकड़ा और उसके पास से 15 ग्राम चरस बरामद की। वोपजैन के पास हुई एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने मोहम्मद श्मीम दास पुत्र अस्दुल्ला दास निवासी वागहामा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से भी 15 ग्राम चरस मिली।

तलाशी के दौरान 14 ग्राम चरस बरामद 

बिजबेहड़ा थाना क्षेत्र में ही तुलखन के पास पुलिस ने मुनीब अहमद गनई पुत्र मंजूर अहमद निवासी अकाद मट्टन को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 14 ग्राम चरस बरामद की गई।

वहीं, पुलिस पोस्ट जीबीएस की टीम ने ची तरबल ब्रिज पर लगाए गए चेकप्वाइंट पर दो संदिग्धों को रोका। उनकी पहचान जुबैर अहमद पल्ला पुत्र मोहम्मद अब्बास पाला निवासी रेशी कालोनी मीर दंतर अनंतनाग और दानिश मुश्ताक पुत्र मुश्ताक अहमद मलिक निवासी नोबग लारनू के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, दोनों के कब्जे से 3.37 ग्राम हेरोइन, 11800 रुपये नकद और एक वजन मशीन बरामद की गई।

नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा

इन सभी मामलों में पुलिस ने संबंधित कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और आगे की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशीले पदार्थ कहां से आए और इनके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

पुलिस ने दोहराया है कि अनंतनाग में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से साफ है कि नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अब जिले के अलग-अलग हिस्सों में चेकिंग और निगरानी को और सख्त कर रही है।