विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कहां से आई इतनी संपत्ति? ACB के निशाने पर अधिकारी-कर्मचारी, महिला JKAS अफसर के घर-ऑफिस में भी तलाशी; 3 FIR दर्ज

Published: Fri, 18 Sep 2026 12:16 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने तीन अलग-अलग मामलों में एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई मोटर व्हीकल, ग्रामीण विकास और सीएपीडी विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ हुई है।

एसीबी ने तीन अलग-अलग मामलों में एफआइआर दर्ज की। (फाइल फोटो)

एसीबी ने तीन अलग-अलग मामलों में एफआइआर दर्ज की। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. एसीबी ने तीन अलग-अलग मामलों में एफआईआर दर्ज की।

  2. अधिकारियों-कर्मचारियों पर आय से अधिक संपत्ति के आरोप लगे।

  3. सीएपीडी में खाद्यान्न वितरण में अनियमितताओं की जांच जारी है।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने तीन अलग-अलग मामलों में एफआइआर दर्ज की है। यह कार्रवाई मोटर व्हीकल, ग्रामीण विकास और उपभोक्ता मामले व सार्वजनिक वितरण (सीएपीडी) विभागों से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ की गई है।

एसीबी जम्मू ने वीरवार को मोटर व्हीकल विभाग के कर्मचारी अश्विनी कुमार निवासी विनायक नगर, मुट्ठी, जम्मू के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है।

एसीबी के अनुसार, सत्यापन में उसके और परिवार के सदस्यों के नाम पर दुकानें, प्लाट, फ्लैट और महंगे वाहन समेत कई संपत्तियां सामने आईं। अदालत से वारंट लेने के बाद मुट्ठी स्थित उसके आवास की तलाशी ली गई।

JKAS अधिकारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का केस

इसी तरह एसीबी बारामुला ने तत्कालीन बीडीओ सिंहपोरा/पट्टन शीबा इनायत, जेकेएएस के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया।

जांच में बैंक बैलेंस, एफडीआर, एलआइसी पालिसियां, आभूषण और बारामुला में पांच मंजिला व्यावसायिक परिसर समेत कई अचल संपत्तियों का पता चलने का दावा किया गया है। आवास और कार्यालय में तलाशी के दौरान सामग्री जब्त की गई।

शीबा इनायत और अन्य पर FIR

तीसरी एफआइआर शीबा इनायत, तत्कालीन सहायक निदेशक सीएपीडी बारामुला, मोहम्मद शफी राथर उर्फ कंदामन और अन्य के खिलाफ दर्ज की गई। मामला जून 2013 से जून 2015 के बीच सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न वितरण में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है।

एसीबी के अनुसार, विभिन्न गड़बड़ियों के कारण सरकारी खजाने को 2,61,90,562 रुपये का नुकसान हुआ। तीनों मामलों में जांच जारी है।