24 घंटे में 8 आतंकी ओवरग्राउंड वर्कर गिरफ्तार, हथियार और पोस्टर भी बरामद; जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों का ऑपरेशन जारी
दक्षिण कश्मीर में सुरक्षाबलों ने तीन अलग-अलग अभियानों में लश्कर और हिजबुल मुजाहिदीन के आठ ओवरग्राउंड वर्करों को गिरफ्तार किया है।

दक्षिण कश्मीर में सुरक्षाबलों का शिकंजा, 8 आतंकी ओवरग्राउंड वर्कर गिरफ्तार। फाइल फोटो
HighLights
दक्षिण कश्मीर में 8 आतंकी ओवरग्राउंड वर्कर गिरफ्तार
तीन अलग-अलग अभियानों में हुई यह बड़ी कार्रवाई
हथियार, गोला-बारूद और आतंकी पोस्टर भी बरामद
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर में नष्ट हुए अपने नेटवर्क को फिर से खड़ा करने के आतंकी षडयंत्र को सुरक्षाबलों ने विफल बनाते हुए बीते 24 घंटों में तीन अलग अलग अभियानों में लश्कर और हिजबुल मुजाहिदीन के आठ ओवरग्राउंड वर्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से हथियार और गोला-बारुद के अलावा आतंकी संगठनों के पोस्टर व अन्य जिहादी सामग्री भी बरामद की गई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दक्षिण कश्मीर में जिला शोपियां के अंतर्गत इमाम साहिब इलाके में पुलिस ने सेना की 34 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) के साथ मिलकर एक तलाशी अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान इमामसाहब के साथ सटे नारवनी इलाके में एक बाग में छिपे हिजबुल मुजाहिदीन के तीन ओवरग्राउंड वर्करों को पकड़ा।
उनके पास से एसाल्ट राइफल की दो मैगजीन, चार मोबाइल फोन , एक ग्रेनेड और प्रतिबंधित आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के चार पोस्टर बरामद किए गए हैं। पकड़े गए ओवरग्राउंड वर्करों की पहचान आशिक हुसैन कुमार, आरिफ कुमार और हारिस मंजूर को गिरफ्तार किया गया है। तीनों के कुलगाम जिले के रहने वाले हैं। बाग के मालिक का नाम नजीर अहमद वानी है।
इससे पूर्व सोमवार की देर रात गए हीरपोरा इलाके में सुरक्षाबलों ने एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को रुकने का संकेत किया। मोटरसाइकिल सवार युवकों ने नाका पार्टी का संकेत नजर अंदाज करते हुए वहां से निकलने का प्रयास किया,लेकिन विफल रहे और पकड़े गए। उनके पास दो हथगोले और हिजबुल मुजाहिदीन के पांच पोस्टर बरामद किए गए।
पकड़े गए तीनों युवकों की पहचान जुनैद अहमद डार, आमिर यूसुफ और जुनैद मुजफ्फर के रूप में हुई है। मोटरसाइकिल को भी जब्त कर उसके स्वामित्व और इस्तेमाल की जांच की जा रही है। पूछताछ में तीनों ने स्वीकार किया कि वह शोपियां और कुलगाम में हिजबुल मुजाहिदीन के नेटवर्क को फिर से सक्रिय करने के षडयंत्र को आगे बढ़ा रहे थे।
सोमवार की देर रात गए शोपियां के साथ सटे पुलवामा जिले में भी सुरक्षाबलों ने यारवन जंगल के पास आतंकियों के दो ओवरग्राउंड वर्करों लतीफ अहमद दीदड़ और एजाज अहमद बजाड को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक पिस्तौल, 12 कारतूस और एक हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के शोपियां और पुलवामा में गिरफ्तार आतंकियों के आठों ओवरग्राउंड वर्करों से अलग अलग पूछताछ हो रही है। उनके मउनके संपर्कों, मोबाइल फोन तथा हाल की गतिविधियों की जांच की जा रही है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद हथियार और आपत्तिजनक सामग्री कहां से आई तथा इनके पीछे किसी सक्रिय आतंकी नेटवर्क की भूमिका है या नहीं। अधिकारियों के मुताबिक, इन कार्रवाइयों के बाद दक्षिण कश्मीर के संवेदनशील इलाकों में तलाशी और निगरानी अभियान और तेज किया गया है।
