विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'पैसे खत्म हो रहे, अब कैसे होगा गुजारा?' सऊदी में फंसे कश्मीर के 34 उमराह यात्री, परिजनों की सरकार से मदद की गुहार

Published: Sat, 24 Oct 2026 02:55 PM (IST)

मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के कारण घाटी के 34 उमराह तीर्थयात्री सऊदी अरब में फंस गए हैं, जिससे उनकी ...और पढ़ें

सऊदी अरब में फंसे कश्मीरी उमराह तीर्थयात्री। (AI Generated)

सऊदी अरब में फंसे कश्मीरी उमराह तीर्थयात्री। (AI Generated)

HighLights

  1. मध्य पूर्व संघर्ष के कारण 34 उमराह तीर्थयात्री सऊदी में फंसे।

  2. उड़ानें रद्द होने से पैसे की कमी, दैनिक खर्चों में कठिनाई।

  3. परिजनों ने जम्मू-कश्मीर सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की।

जागरण संवाददाता, श्रीनगर। मध्य पूर्व में जारी संघर्ष का खामियाजा उमराह की अदायगी के लिए सऊदी अरब गए प्रदेश के तीर्थयात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। इस तनाव के चलते कई उड़ाने रद्द की जाने से घाटी के 34 तीर्थयात्री सऊदी अरब में फंस गए हैं। कम होते पैसों की वजह से उनके लिए रोज़ के खर्चे पूरे करना मुश्किल होता जा रहा है।

जानकारी के अनुसार इन तीर्थ यात्रियों को 13 अक्टूबर को घाटी वापस लौटना था, लेकिन मौजूदा सुरक्षा चिंताओं के कारण वे अपनी फ्लाइट में नहीं चढ़ सके और मक्का व मदीना में ही फंसे हुए हैं।

फंसे हुए तीर्थयात्रियों ने जम्मू और कश्मीर सरकार से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षित और जल्दी घर वापसी के लिए तुरंत हस्तक्षेप करें।

रहने-खाने और दवाइयों का खर्च उठाना मुश्किल

मक्का शहर में फंसे अब्दुल अहद नामक एक तीर्थयात्री के बेटे मोहम्मस सलीम ने कहा, 'लंबे समय तक रुकने की वजह से मेरे बाबा व उनके ग्रुप के बाकी लोगों पर पैसे का बोझ बढ़ गया है। उन्हें वहां रहने खाने और दवाइयों का खर्च उठाने में भी मुश्किल हो रही है।'

सलीम के अनुसार, उनके बाबा ने फोन पर उन्हें बताया कि उनके पास पैसे कम हो रहे हैं, जिससे उन्हें यह समझ नहीं आ रहा कि लौटने तक वे अपने खर्चों को कैसे मैनेज करेंगे, आगे कैसे गुजारा होगा?

13 अक्तूबर को होनी थी वापसी

अफरोजा नामक एक महिला तीर्थयात्री के परिजनों ने भी उनके वहां फंसे रहने से उन्हें पेश आ रही दिक्कतों का हवाला देते हुए कहा कि वे लगातार उनके संपर्क में हैं। परिजनों के अनुसार, अफरोजा व उनके ग्रुप की 13 अक्तूबर को वापसी होनी थी, लेकिन मौजूदा तनावपूर्ण स्थिति के चलते वे वहां से निकल नहीं पा रहे हैं।

तीर्थयात्रियों के परिजनों ने प्रशासन से आग्रह किया कि वह मामले में हस्तक्षेप कर सऊदी में फंसे उनके परिजनों की घर वापसी सुनिश्चित करे।

रियाद की उड़ानें 31 अक्टूबर तक स्थगित

उधर, रियाद स्थित भारतीय दूतावास द्वारा जारी किए गए अपडेटेड फ्लाइट कैंसलेशन शेड्यूल के अनुसार, रियाद आने-जाने वाली इंडिगो की उड़ानें 31 अक्टूबर, 2026 तक स्थगित रहेंगी, जबकि जेद्दाह, दम्माम और मदीना को जोड़ने वाली उड़ानें 27 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी।

हालांकि, कुछ यात्री वैकल्पिक रास्तों और कनेक्टिंग फ्लाइट्स से लौटने में कामयाब रहे हैं, लेकिन फंसे हुए तीर्थयात्रियों ने कहा कि इन विकल्पों का अधिक खर्च ग्रुप के कई सदस्यों की पहुंच से बाहर था।