विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हज 2027: जम्मू-कश्मीर और लद्दाख से 20 तीर्थयात्री बिना मेहरम के करेंगे सफर, 30 अक्टूबर तक जमा करनी होगी किस्त

Published: Sun, 18 Oct 2026 07:00 AM (IST)

Hajj 2027: जम्मू कश्मीर और लद्दाख से 20 तीर्थयात्री बिना मेहरम के 2027 की हज यात्रा करेंगे। इनका चयन डिजिटल ...और पढ़ें

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख से बिना मेहरम 20 तीर्थयात्रियों का चयन। (फाइल फोटो)

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख से बिना मेहरम 20 तीर्थयात्रियों का चयन। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. जम्मू कश्मीर, लद्दाख से 20 तीर्थयात्री बिना मेहरम हज करेंगे।

  2. डिजिटल रैंडम चयन प्रक्रिया से 14 अक्टूबर को चुने गए।

  3. पहली किस्त 30 अक्टूबर 2026 तक जमा करने का निर्देश।

जगरण संवाददाता, श्रीनगर। अगले वर्ष होने वाले वार्षिक हज में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख से 20 तीर्थयात्री बिना मेहरम के हज यात्रा करेंगे। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने मेहरम कोटे के तहत 500 तीर्थयात्रियों में से इन 20 आवेदकों का चयन किया है। इन तीर्थयात्रियों का चयन 14 अक्टूबर को आयोजित डिजिटल रैंडम चयन प्रक्रिया के जरिए किया गया।

हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा जारी एक सर्कुलर के अनुसार, 500 सीटों के लिए कुल 1,044 एप्लीकेशन मिले थे, जिनमें से 1,008 योग्य पाए गए। योग्य लोगों की संख्या उपलब्ध कोटे से ज़्यादा हो गई थी, इसलिए मुंबई के हज हाउस में डिजिटल रैंडम सिलेक्शन प्रोसेस किया गया।

चुने गए तीर्थयात्रियों की सूची में 20 दो केंद्र शासित प्रदेशों के हैं, जिनमें जम्मू-कश्मीर के 19 और लद्दाख का एक तीर्थयात्री शामिल है। हालांकि, हज कमेटी ने मेहरम कोटे के तहत वेटिंग लिस्ट में तीर्थयात्रियों की लिस्ट भी जारी की है। जम्मू और कश्मीर के 17 तीर्थयात्रियों समेत 508 तीर्थयात्रियों को वेटिंग लिस्ट में रखा गया है।

30 अक्टूबर तक जमा करनी होगी हज की पहली किस्त

चुने गए तीर्थयात्रियों को 30 अक्टूबर, 2026 तक हज की रकम की पहली किस्त 1,52,300 रुपये जमा करने का निर्देश दिया गया है। उन्हें कमेटी के 1 सितंबर और 15 सितंबर, 2026 के सर्कुलर के अनुसार प्राइमरी मेडिकल स्क्रीनिंग भी करवानी होगी।

सर्कुलर के अनुसार, रकम हज कमेटी की वेबसाइट या हज सुविधा ऐप के ज़रिए क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या नेट बैंकिंग का इस्तेमाल करके आनलाइन दी जा सकती है। इसके अलावा, तीर्थयात्री तय पे-इन स्लिप और बैंक रेफरेंस नंबर का इस्तेमाल करके स्टेट बैंक आफ़ इंडिया या यूनियन बैंक आफ़ इंडिया की किसी भी ब्रांच में रकम जमा कर सकते हैं।

2 नवंबर तक जमा करने होंगे मेडिकल

रकम जमा करने के बाद, चुने गए तीर्थयात्रियों को 2 नवंबर, 2026 तक प्राइमरी मेडिकल स्क्रीनिंग और फिटनेस सर्टिफिकेट के साथ भुगतान रसीद की एक प्रति अपलोड या जमा करनी होगी।

हज कमेटी ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयसीमा के भीतर रकम जमा नहीं करने, मेडिकल स्क्रीनिंग पूरी नहीं कराने या जरूरी दस्तावेज जमा नहीं करने पर हज यात्रा के लिए आवंटित सीट रद्द की जा सकती है।