श्रीनगर में 3 मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, 20 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
श्रीनगर के कर्ण नगर में एक तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई, जिस पर 20 दमकल गाड़ियों की ...और पढ़ें

श्रीनगर में तीन मंजिला इमारत में भीषण आग से मची अफरा-तफरी।
HighLights
श्रीनगर के कर्ण नगर में तीन मंजिला इमारत में आग लगी।
20 दमकल गाड़ियों ने आग पर काबू पाने में मदद की।
मेडिकेयर अस्पताल से मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। श्रीनगर के कर्ण नगर इलाके में शनिवार देर रात कंबल विक्रेता मीर सेल्स कॉरपोरेशन की तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की 12 फायर स्टेशनों की टीमें और करीब 20 दमकल गाड़ियां मौके पर तैनात की गईं।
रविवार सुबह करीब 5:30 बजे आग पर काबू पा लिया गया, जबकि अंदर मौजूद कपास और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण कूलिंग ऑपरेशन जारी रहा।
20 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
आग की चपेट में आई इमारत कर्ण नगर स्थित मेडिकेयर अस्पताल के ठीक सामने है। स्थिति को देखते हुए अस्पताल में भर्ती मरीजों को एहतियातन बाहर निकाला गया। इस दौरान श्रीनगर पुलिस के जवानों ने मरीजों की सुरक्षित निकासी में मदद की। पुलिसकर्मियों की इस कार्रवाई के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए, जिनकी लोगों ने सराहना की।
अधिकारियों के मुताबिक, आग बुझाने के लिए करीब 20 दमकल गाड़ियों के साथ ब्रोंटो स्काईलिफ्ट, फोम टेंडर, फायर कैन, इमरजेंसी रिस्पांस टीम और एडवांस्ड रेस्क्यू टीम को भी लगाया गया। इमारत में कपास और अन्य ज्वलनशील सामान बड़ी मात्रा में होने के कारण आग बुझाने के बाद भी कूलिंग प्रक्रिया जारी रखनी पड़ी, ताकि दोबारा आग भड़कने की आशंका को कम किया जा सके।
आग के कारणों सा अब तक नहीं लगा पता
आईजीपी कश्मीर ने आग पर काबू पाने के अभियान में दमकल टीमों का सहयोग करने के लिए श्रीनगर पुलिस की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि शाबाश, टीम श्रीनगर! जिला पुलिस श्रीनगर ने कर्ण नगर स्थित मेडिसिटी अस्पताल में आग पर काबू पाने के लिए दमकल टीमों को पूरा सहयोग दिया। उन्होंने अभियान में शामिल कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और सराहनीय प्रयासों की भी तारीफ की।
अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। इमारत और उसमें रखे सामान को हुए नुकसान का आकलन भी किया जाना बाकी है। घटना की जांच जारी है।
