सेना में भर्ती के लिए घाटी में चलेगा विशेष अभियान, तीन हजार से ज्यादा युवाओं की होगी भर्ती
इस अभियान के तहत 3000 नौजवानों को उनकी योग्यता के आधार पर सेना में शामिल किया जाएगा।
नवीन नवाज, श्रीनगर। जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने के बाद बदलते हालात को देखते हुए सेना ने घाटी में एक विशेष भर्ती अभियान चलाने का फैसला किया है। इस अभियान के तहत 3000 नौजवानों को उनकी योग्यता के आधार पर सेना में शामिल किया जाएगा। संभवत: यह भर्ती प्रक्रिया अक्टूबर के पहले सप्ताह में तीन और चार तारीख को होगी। यह रैली स्थानीय युवाओं का हौसला बढ़ाने के साथ जिहादी और उन अलगाववादी तत्वों के लिए सबक होगी। जो कहते हैं कि आम कश्मीरी नौजवान भारतीय सेना के साथ नहीं है।
सेना और अर्धसैनिक बलों में बड़े पैमाने पर भर्ती की तैयारी
जम्मू कश्मीर के युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जम्मू संभाग में 2500 युवाओं की सेना में भर्ती का अभियान पहले से जारी है। आने वाले दिनों में बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में राज्य के करीब दो हजार युवकों को भर्ती किया जाएगा। इसके बाद सीमा सशस्त्र बल, इंडो तिब्बत बॉर्डर पुलिस (आइटीबीपी) और सेंट्रल इंडस्ट्रीज सिक्योरिटी फोर्स (सीआइएसएफ) के लिए भर्ती रैलियां की जाएंगी। इसी कड़ी में अब केंद्र सरकार के आग्रह पर रक्षा मंत्रालय ने घाटी में तीन हजार युवाओं को सेना में भर्ती करने का फैसला किया है।
10 दिन पहले ही मिली है भर्ती रैली की अनुमति
रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि तीन हजार युवकों की भर्ती का मतलब सेना में तीन नयी वाहिनियों का गठन है। करीब दो माह पहले भी घाटी में स्थानीय नौजवानों के लिए एक भर्ती रैली की गई थी, जो उत्तरी कश्मीर के हैदरबेग पट्टन में हुई थी। यह रैली निर्धारित सैन्य कैलेंडर के मुताबिक थी, लेकिन प्रस्तावित रैली की पहले कोई योजना नहीं थी। रक्षा मंत्रालय ने करीब 10 दिन पहले ही भर्ती रैली की अनुमति दी है।
सेना में भर्ती होने के लिए युवाओं में जोश : ढिल्लो
चिनार कोर कमांडर के जीओसी-इन-सी लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लो ने कहा कि बहुत से इलाकों में जब हम स्थानीय लोगों से बातचीत करते हैं तो वह भर्ती रैलियों का आग्रह करते हुए कहते हैं कि सिर्फ उनके ही इलाके में नौजवानों को भर्ती किया जाए। इसलिए हम अक्टूबर में रैली कर रहे हैं।
भर्ती से पहले निशुल्क ट्रेनिंग भी दे रही सेना
प्रस्तावित भर्ती रैली की तैयारियों में जुटे कर्नल रैंक के एक अधिकारी ने बताया कि सेना में शामिल होने के इच्छुक युवाओं के लिए एक अभ्यास सत्र भी आयोजित किया जा रहा है।