हज के लिए 304 यात्रियों का पहला जत्था रवाना
संवाद सहयोगी श्रीनगर राज्य से हज के लिए यात्रियों की रवानगी का सिलसिला शुरू हो गया। वीर
संवाद सहयोगी, श्रीनगर : राज्य से हज के लिए यात्रियों की रवानगी का सिलसिला शुरू हो गया। वीरवार को दो विमानों से 304 हज यात्रियों का पहला जत्था श्रीनगर से जेद्दाह के लिए रवाना हुआ।
हज यात्रियों के स्वागत के लिए श्रीनगर हवाई अड्डे पर राज्यपाल सत्यपाल मलिक अन्य प्रशासनिक अधिकारियों समेत मौजूद थे। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर हज यात्रियों को रवाना किया। राज्यपाल ने उनकी सफल यात्रा की कामना की।
इससे पूर्व वीरवार तड़के हज यात्रियों को श्रीनगर के बेमिना इलाके में स्थित हज हाउस पहुंचाया गया, जहां उनके दस्तावेजों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की जांच पड़ताल की गई। इसके बाद उन्हें विशेष वाहनों से श्रीनगर हवाई अड्डा पहुंचाया गया, जहां उन्हें दो विमानों से जेद्दाह के लिए रवाना किया गया। 304 में से 152 हज यात्रियों को लेकर पहला विमान 10.30 बजे जबकि अन्य 152 हज यात्रियों को दोपहर दो बजे जेद्दाह के लिए रवाना किया गया।
गौरतलब है कि इस वर्ष राज्य से 11,600 लोग हज यात्रा करेंगे। श्रीनगर हवाई अड्डे से हज यात्रियों की जेद्दाह रवानगी का सिलसिला 29 जुलाई तक जारी रहेगा। इस बीच प्रतिदिन दो विमानों के जरिये यात्रियों को जेद्दाह पहुंचाया जाएगा।