श्रीनगर में 1850 मीटर लंबा राष्ट्रीय ध्वज
जम्मू कश्मीर देश भक्ति और तिरंगे से सराबोर हुआ है। आजादी के अमृत महोत्सव का जश्न एक उत्सव की तरह मनाया जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर बख्शी स्टेडियम श्रीनगर में 1850 मीटर लंबे राष्ट्रीय ध्वज को प्रदर्शित करके राष्ट्रीय रिकार्ड बनाया है। देश का यह ध्वज सबसे बड़ा होने का दावा है।
राज्य ब्यूरो, जम्मू : जम्मू कश्मीर देश भक्ति और तिरंगे से सराबोर हुआ है। आजादी के अमृत महोत्सव का जश्न एक उत्सव की तरह मनाया जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर बख्शी स्टेडियम श्रीनगर में 1850 मीटर लंबे राष्ट्रीय ध्वज को प्रदर्शित करके राष्ट्रीय रिकार्ड बनाया है। देश का यह ध्वज सबसे बड़ा होने का दावा है। इसके अलावा बारामुला में सेना ने 108 फीट ऊंचा तिरंगा फहराया। वहीं कठुआ जिले के बिलावर में 75 मीटर का तिरंगा लेकर 40 किमी पैदल यात्रा की गई। रविवार को समारोह की अध्यक्षता मुख्य सचिव डा. अरुण कुमार मेहता ने की। जिला उपायुक्त श्रीनगर मोहम्मद एजाज असद, सभी जिला और क्षेत्रीय अधिकारियों के अलावा स्टेडियम में पांच हजार लोग राष्ट्र ध्वज देखने मौजूद थे। मुख्य सचिव ने हर घर तिरंगा अभियान के तहत 1850 मीटर लंबे ध्वज का निरीक्षण करने के लिए स्टेडियम का दौरा किया। मुख्य सचिव ने कहा कि इससे लोगों में राष्ट्रीयता की भावना उत्पन्न होती है। राष्ट्रीय ध्वज को फिर लपेटने के लिए 500 लोग शामिल थे। यह सब नेशनल फ्लैग कोड के तहत हुआ। झंडे को बनाने में 10 दिन लगे। राष्ट्रीय ध्वज खादी का बनाया हुआ है। प्रशासन ने दावा किया कि बख्शी स्टेडियम में फहराया 1850 मीटर का राष्ट्रध्वज देश में अपनी तरह का पहला ध्वज है। देशभक्ति का संदेश दिया :
सेना ने बारामुला में 108 फीट ऊंचा तिरंगा फहराकर लोगों को देशभक्ति का संदेश दिया। सेना ने विशाल तिरंगे को फ्लैग फाउंडेशन आफ इंडिया के सहयोग से बनाया है। आतंक से लोहा ले रही सेना की किलो फोर्स के जनरल आफिसर कमांडिग मेजर जनरल एसएस सलारिया ने तिरंगे को लहराकर इसे क्षेत्र की जनता को समर्पित किया। उन्होंने 30 के अंदर विशाल तिरंगा बनाने के लिए प्रोजेक्ट में शामिल हुए सभी लोगों की सराहना की। कश्मीर के पीआरओ डिफेंस लेफ्टिनेंट कर्नल एमरान मुसावी का कहना है कि इस महत्वकांक्षी प्रोजेक्ट को केंद्र सरकार के आजादी का अमृत महोत्सव अभियान के तहत बनाया है। बारामुला के लोगों ने भी विशाल तिरंगा स्थापित करने की दिशा में क्षेत्र में सेना व जिला प्रशासन द्वारा किए प्रयासों की सरहाना की। कश्मीर में इस समय हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगे फहराने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान जारी है। चार मीटर चौड़े व 75 मीटर लंबे तिरंगे के साथ पदयात्रा :
कठुआ जिले के पहाड़ी क्षेत्र रामकोट से बिलावर तक भाजपा ने चार मीटर चौड़े व 75 मीटर लंबे तिरंगे के साथ करीब 40 किलोमीटर पैदल रैली निकाली। भाजपा के पूर्व महामंत्री व वरिष्ठ नेता पंडित सतीश शर्मा के नेतृत्व में निकाली गई तिरंगा रैली में लोगों का जोश देखते ही बन रहा था। 75 मीटर का तिरंगा लेकर सैकड़ों लोग अपने कंधों पर उठाकर करीब 40 किलोमीटर रामकोट से बिलावर तक पदयात्रा करते नजर आए।