विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजौरी में आतंकी ठिकाने का पर्दाफाश, IED बरामद; सेना ने विस्फोट कर किया नष्ट

Published: Sat, 17 Oct 2026 06:00 AM (IST)

राजौरी के कंडी क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने एक पुराने आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ कर वहां से एक पुराना इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद किया।

राजौरी में आतंकी ठिकाने का पर्दाफाश, IED बरामद। फोटो जागरण

राजौरी में आतंकी ठिकाने का पर्दाफाश, IED बरामद। फोटो जागरण

HighLights

  1. राजौरी के कंडी में आतंकी ठिकाना मिला।

  2. सुरक्षा बलों ने पुराना आईईडी बरामद किया।

  3. नियंत्रित विस्फोट से आईईडी को नष्ट किया गया।

जागरण संवाददाता, राजौरी। राजौरी जिले के कंडी क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान एक पुराने आतंकी ठिकाने का पता लगाकर वहां से पुराना इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद किया।

शुक्रवार शाम थुंगवाली इलाके में बरामद इस विस्फोटक को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट कर दिया गया। समय रहते आईईडी को निष्क्रिय किए जाने से संभावित खतरे को टाल दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीमों ने खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर कंडी के थुंगवाली इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया था। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने आसपास के क्षेत्रों की जांच की। इसी दौरान एक पुराने आतंकवादी ठिकाने का पता चला। ठिकाने की तलाशी लेने पर वहां से पुराना आईईडी बरामद हुआ।

किसी के हताहत होने की सूचना नहीं

विस्फोटक मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने एहतियात बरतते हुए संबंधित क्षेत्र को सुरक्षित किया और आईईडी को नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू की। निर्धारित सुरक्षा मानकों के तहत नियंत्रित विस्फोट किया गया, जिससे विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

सुरक्षा बलों ने खुफिया एजेंसियों की सहायता से यह अभियान चलाया। पुराने आतंकी ठिकाने से विस्फोटक मिलने के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई। सुरक्षा एजेंसियां इस बात का पता लगाने के लिए तलाशी ले रही हैं कि आसपास के क्षेत्र में कोई अन्य संदिग्ध सामग्री या संभावित खतरा तो मौजूद नहीं है।

अधिकारियों के अनुसार, थुंगवाली और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान जारी रखा गया है। इसका उद्देश्य किसी भी संदिग्ध गतिविधि का पता लगाना और संभावित खतरे को समय रहते निष्क्रिय करना है। सीमावर्ती राजौरी जिले में सुरक्षा बल आतंकवाद विरोधी अभियानों के तहत लगातार सतर्कता बरत रहे हैं।