विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आतंकी नेटवर्क को आर्थिक चोट, जम्मू-कश्मीर में आतंकी मददगार की 45 लाख की संपत्ति कुर्क; राजौरी में लगाया बोर्ड

Published: Tue, 15 Sep 2026 12:10 PM (IST)

राजौरी पुलिस ने थन्नामंडी में एक आतंकी मददगार नजरत हुसैन की 45 लाख रुपये की अचल संपत्ति कुर्क की है। ...और पढ़ें

अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में भूमि पर अटैचमेंट बोर्ड लगाए गए।

अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में भूमि पर अटैचमेंट बोर्ड लगाए गए।

HighLights

  1. राजौरी पुलिस ने आतंकी मददगार की संपत्ति कुर्क की।

  2. नजरत हुसैन की 45 लाख रुपये की अचल संपत्ति जब्त हुई।

  3. यह कार्रवाई आतंकवाद के समर्थन नेटवर्क को कमजोर करने के लिए।

जागरण संवाददाता, राजौरी। आतंकवाद और उसके मददगारों के नेटवर्क के खिलाफ राजौरी पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए थन्नामंडी क्षेत्र में एक आतंकी मददगार की अचल संपत्ति को कानून के तहत कुर्क कर लिया। पुलिस थाना थन्नामंडी के अधिकार क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई के दौरान संबंधित भूमि पर कुर्की संबंधी बोर्ड भी लगाए गए।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई आतंकवाद के समर्थन ढांचे को कमजोर करने और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसने की दिशा में की गई है।

संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये 

पुलिस के अनुसार, नयाली थन्नामंडी निवासी नजरत हुसैन पुत्र मुहम्मद सादिक की अचल संपत्ति को कानूनी प्रावधानों के तहत कुर्क किया गया है। यह कार्रवाई थाना थन्नामंडी में दर्ज केस एफआईआर नंबर 04/2011, धारा 3/4 ईएंडआईएमसीओ एक्ट के तहत की गई। पुलिस की कार्रवाई के बाद संबंधित भूमि पर किसी भी प्रकार के हस्तांतरण अथवा अन्य गतिविधि पर कानूनी रोक लागू हो गई है।

पुलिस के मुताबिक, कुर्क की गई भूमि में खसरा नंबर 33, 34, 39, 51, 52, 53, 58, 59, 60, 65 और 89 शामिल हैं। इन सभी भूखंडों का कुल क्षेत्रफल करीब एक कनाल 2.5 मरले बताया गया है। पुलिस ने इस संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये आंकी है।

अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में अटैचमेंट बोर्ड लगाए गए

कुर्की की कार्रवाई के दौरान संबंधित अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में भूमि पर अटैचमेंट बोर्ड प्रमुखता से लगाए गए। इन बोर्डों के माध्यम से संपत्ति को कानून के तहत कुर्क किए जाने की जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों ने कानूनी प्रक्रिया के तहत आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं।

आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई आतंकियों तक सीमित नहीं

राजौरी पुलिस का कहना है कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई केवल सक्रिय आतंकियों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके लिए सहायता, संसाधन और अन्य प्रकार का सहयोग उपलब्ध करवाने वाले नेटवर्क को भी समाप्त करना जरूरी है।

इसी उद्देश्य से पुलिस द्वारा आतंकवाद से जुड़े मामलों में आरोपित या संदिग्ध व्यक्तियों की संपत्तियों के संबंध में कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है।

संपत्ति कुर्क कर पुलिस ने दिया सख्त संदेश

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आतंकवाद के समर्थन तंत्र को आर्थिक रूप से कमजोर करना सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। संपत्ति की कुर्की जैसी कार्रवाई से ऐसे तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया जा रहा है कि राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में किसी भी प्रकार की संलिप्तता अथवा सहयोग को कानून के तहत गंभीरता से लिया जाएगा।

राजौरी पुलिस ने दोहराया कि जिले में आतंकवाद और उसके सहयोगी नेटवर्क के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस द्वारा ऐसे मामलों में उपलब्ध कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए आतंकवाद के पारिस्थितिकी तंत्र को समाप्त करने पर जोर दिया जा रहा है। थन्नामंडी में की गई यह कार्रवाई भी इसी अभियान का हिस्सा है।