राजेंद्र शर्मा ने नगर पालिका के अध्यक्ष पद की ली शपथ
जागरण संवाददाता, राजौरी : नगर पालिका राजौरी के अध्यक्ष चुने गए राजेंद्र शर्मा व उपाध्यक्ष मोहन लाल प
जागरण संवाददाता, राजौरी : नगर पालिका राजौरी के अध्यक्ष चुने गए राजेंद्र शर्मा व उपाध्यक्ष मोहन लाल पराशर ने बुधवार को अपना पद संभाल लिया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना भी मौजूद थे। नवनियुक्त अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने कहा कि आपकी सेवा करने का अवसर मिला है वह इस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। जो वादे चुनाव के दौरान किए थे उनको पूरा किया जाएगा। उधर नौशहरा नगर पालिका में भी बुधवार को नरेंद्र शर्मा मंगू ने अध्यक्ष के तौर पर पदभार संभाल लिया। इसके अलावा विशाल गुप्ता ने उपाध्यक्ष की कुर्सी संभाल ली है। नगर पालिका कार्यालय में हुए इस कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र रैना भी मुख्य तौर पर उपस्थित रहे। सुबह दस बजे सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा कार्यालय से सभी भाजपा और निर्दलीय पार्षदों नगरपालिका कार्यालय पहुंचे, जबकि नगरपालिका ईओ कस्तूरी लाल शर्मा ने अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा और उपाध्यक्ष विशाल गुप्ता को पद की शपथ दिलवाई।
इस मौके पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र रैना ने कहा कि नगर पालिका चुनाव में बेशक एक दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ा हो, लेकिन जीत हासिल होने के बाद सभी पार्षद एकजुट हैं। सभी ने नगर पालिका के उत्थान के लिए कार्य करना है, ऐसे में कोई भी पार्षद अपने आपको निर्दलीय अथवा पार्टी विशेष का न समझे। सभी मिलकर काम करें, ताकि नगर पालिका का समुचित विकास हो सके। उन्होंने पार्षदों से आह्वान किया कि जिन उम्मीदों और अपेक्षाओं के साथ मतदाताओं ने आपको विजेता बनाया है, उनपर खरा उतरें और लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिए काम करें।