विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पुंछ पुलिस का नशा तस्करों पर वार, सुरनकोट में 12 ग्राम हेरोइन और प्रतिबंधित गोलियों संग युवक गिरफ्तार

By Bhopinder Singh Edited By: Rahul Sharma
Published: Tue, 19 May 2026 04:55 PM (IST)

पुंछ पुलिस ने सुरनकोट में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को लगभग 12 ग्राम हेरोइन जैसे पदार्थ और प्रतिबंधित प्रेगाबालिन गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने जनता से मांगा सहयोग, कहा - सूचना दें, समाज बचाएं।

पुलिस ने जनता से मांगा सहयोग, कहा - सूचना दें, समाज बचाएं।

HighLights

  1. सुरनकोट में युवक हेरोइन और प्रतिबंधित गोलियों संग गिरफ्तार।

  2. पुलिस ने लगभग 12 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद किया।

  3. आरोपी मिनन फारूक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज।

संवाद सहयोगी, पुंछ। जिला पुंछ के सुरनकोट क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को हेरोइन जैसे पदार्थ और प्रतिबंधित गोलियों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 12 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ तथा प्रेगाबालिन की प्रतिबंधित गोलियां बरामद कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार सुरनकोट थाना पुलिस ने जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक विशेष नाका स्थापित किया था। इस दौरान पुलिस टीम आने-जाने वाले वाहनों की जांच करने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखे हुए थी।

नाका चेकिंग के दौरान दोपहर के समय एक व्यक्ति पुलिस को देखकर अचानक रास्ता बदलने की कोशिश करने लगा। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस कर्मियों ने तुरंत उसे रोक लिया और पूछताछ शुरू की। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से लगभग 12 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद हुआ। इसके अलावा आरोपी के पास से प्रेगाबालिन टैबलेट की दो प्रतिबंधित स्ट्रिप्स, जिनमें कुल 16 गोलियां थीं, भी बरामद की गईं।

मादक पदार्थ और प्रतिबंधित दवाइयां बरामद होते ही पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान मिनन फारूक पुत्र मुहम्मद फारूक निवासी गांव सैला, तहसील सुरनकोट, जिला पुंछ के रूप में हुई है।

सहयोग से ही समाज को नशा मुक्त बनाया जा सकता

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सुरनकोट पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर नंबर 141/2026 दर्ज की गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पुंछ पुलिस समाज को नशे के खतरे से मुक्त करने के लिए लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की लत से बचाने और नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र में नशा तस्करी या मादक पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। अधिकारियों ने कहा कि जनता के सहयोग से ही समाज को नशा मुक्त बनाया जा सकता है।