विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पुंछ में स्कूल से लौट रही 7वीं की छात्रा का अपहरण, 3 दिन बंधक बना किया दुष्कर्म; 2 गिरफ्तार

Published: Thu, 10 Sep 2026 09:22 AM (IST)

पुंछ से आई इंसानियत को शर्मसार करने वाली खबर, कैब ड्राइवर और उसके साथी ने नाबालिग को 3 दिन कब्जे ...और पढ़ें

स्कूल से घर लौटते समय किया अपहरण।

स्कूल से घर लौटते समय किया अपहरण।

HighLights

  1. पुंछ में 7वीं कक्षा की छात्रा संग दुष्कर्म

जागरण संवाददाता, राजौरी। पुंछ जिले के मेंढर में एक शर्मनाक घटना सामने आई। स्कूल से घर लौट रही सातवीं की एक छात्रा का अपहरण कर दो दरिंदों ने उसे तीन दिन तक बंधक बनाकर दुष्कर्म किया।

पुलिस ने छात्रा को तलाश कर आरोपित कैब चालक और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपितों के खिलाफ पोक्सो के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता के पिता ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी छह सितंबर को घर लौट रही थी। इसी दौरान एक कैब चालक जाहूर मुश्ताक उर्फ सोनू छात्रा को उसके घर ले जाने के बजाय जबरन अपने घर ले गया, जहां उसका दोस्त मोहम्मद इरफान मौजूद था।

शिकायत के अनुसार, दोनों ने छात्रा को तीन दिन तक कब्जे में रखा। उसके साथ बार-बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।

इसके बाद पुलिस ने कड़ी दर कड़ी जुटाकर बच्ची को ढूंढ दरिंदों के कब्जे से छुड़ाया। आरोपितों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, अपहरण सहित बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से संबंधित तथ्यों, आरोपितों के बयान व अन्य आवश्यक साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। इस घटना से क्षेत्र में रोष है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किशोरी से संबंधित किसी मामले में अफवाह पर ध्यान न दें और जांच को प्रभावित करने वाली जानकारी सार्वजनिक न करें।

बता दें कि गत दिनों डोडा में भी नाबालिग से दुष्कर्म और गर्भपात के दौरान मौत मामले में पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया था। यहां शिक्षक पर नाबालिग से दुष्कर्म करने का आरोप लगा था।

यह भी पढ़ें- गुलाम जम्मू कश्मीर में बढ़ रहा है विद्रोह: पाकिस्तान में मुनीर की बढ़ी ताकत, नेशनल असेंबली ने लगाई मुहर