17 दिनों से हड़ताल पर हैं पीएचई के अस्थायी कर्मी
जिला राजौरी व पूंछ में कार्यरत पीएचई विभाग के अस्थायी कर्मचारी पिछले कईं सालों से स्थायी करने की मांग कर रहे हैं। कर्मचारी अपने भविष्य को लेकर काफी चितित हैं। पीएचई विभाग के अस्थायी कर्मचारियों ने रविवार को 17 वें दिन राज्य प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी नाराजगी जताई।
जागरण संवाददाता, राजौरी : जिला राजौरी व पूंछ में कार्यरत पीएचई विभाग के अस्थायी कर्मचारी पिछले कईं सालों से स्थायी करने की मांग कर रहे हैं। कर्मचारी अपने भविष्य को लेकर काफी चितित हैं। पीएचई विभाग के अस्थायी कर्मचारियों ने रविवार को 17 वें दिन राज्य प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी नाराजगी जताई। संघर्ष तेज करने की चेतावनी दी है।
पीएचई के डिवीजन कार्यालय राजौरी के बाहर कर्मियों ने टेंट लगा रखा है। यहां कर्मचारी दिन-रात नारेबाजी कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी कर्मी मोहम्मद मुश्ताक अहमद, नजीर हुसैन, रवि कुमार, राजेश कुमार ने कहा कि उनकी पुरानी मांग को पूरा नहीं किया जा रहा है। सरकारी नौकरियों की आयु पार कर चुके कई लोग मानसिक रोग से ग्रस्त हो रहे हैं। इसके लिए संबंधित विभाग जिम्मेदार है। कर्मचारियों ने कहा कि वेतन न मिलने के कारण बच्चों का स्कूल जाना बंद हो गया है। विभाग वेतन जल्द से जल्द जारी करे। वहीं कालाकोट में भी पीएचई अस्थाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।