वेतन न मिलने से परेशान पीएचई अस्थायी कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, राजौरी : वेतन न मिलने से परेशान पीएचई विभाग के अस्थायी कर्मचारियों ने जोर
जागरण संवाददाता, राजौरी : वेतन न मिलने से परेशान पीएचई विभाग के अस्थायी कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा सोमवार तक वेतन जारी नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में वह सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन करने के लिए तैयार है।
प्रदर्शन कर रहे मंजूर डार, शफीक अहमद, जफर इकबाल आदि ने कहा कि हम लोगों से वादा किया गया था कि ईद पर वेतन जारी किया जाएगा, लेकिन ईद भी हो गई पर हम लोगों को वेतन नहीं मिला। हम लोगों को पिछले चालीस माह से वेतन नहीं दिया जा रहा है। जिस कारण से हम लोगों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर सोमवार तक वेतन जारी नहीं किया गया तो वह क्षेत्र में पेयजल सप्लाई ठप करने के साथ परिवार के साथ सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन करेंगे। वेतन जारी न होने के कारण लोगों की समस्याएं दिन ब दिन बढ़ती जा रही है। लोगों ने इस बार ईद भी नहीं मनाई है। हमारे साथ अधिकारियों ने वादा किया था कि लोगों को ईद से पहले वेतन जारी कर दिया जाएगा। ऐसा कुछ भी नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर विभाग ईद से पहले वेतन जारी कर देता तो वह भी ईद का पर्व मना सकते थे। इस दौरान कर्मचारियों ने जमकर विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की।