भेदभाव की राजनीति अब बर्दाश्त नहीं करेगी सुंदरबनी की जनता
जम्मू कश्मीर पंचायत कान्फ्रेंस के संभागीय प्रधान बीडीसी चेयरमैन अरुण शर्मा की अध्यक्षता में वीरवार को सुंदरबनी में बैठक हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य वर्षों से सुंदरबनी क्षेत्र के साथ हो रहे भेदभाव को खत्म कर आने वाली नई पीढ़ी को सही रास्ते पर ले जाना था।
संवाद सहयोगी, सुंदरबनी : जम्मू कश्मीर पंचायत कान्फ्रेंस के संभागीय प्रधान बीडीसी चेयरमैन अरुण शर्मा
की अध्यक्षता में वीरवार को सुंदरबनी में बैठक हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य वर्षों से सुंदरबनी क्षेत्र के साथ हो रहे भेदभाव को खत्म कर आने वाली नई पीढ़ी को सही रास्ते पर ले जाना था। बैठक में जम्मू कश्मीर पंचायत के प्रधान अरुण शर्मा ने कहा वर्षों से सुंदरबनी की जनता के साथ सौतेला व्यवहार होता रहा है, जिसे अब सुंदरबनी की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि जो कुछ भी विकास के कार्य हो रहे हैं वह स्योट पुल के उस पार ही हो रहे हैं। जो भी नए प्रोजेक्ट आ रहे हैं वह भी पुल के उस पार के लिए ही आ रहे हैं। हमारा सुंदरबनी भी उसी विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है, लेकिन हम लोगों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है, जिसे अब और सहन नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा नए परिसीमन के तहत जम्मू कश्मीर में नई विधानसभाएं बनाने को लेकर उन्होंने कहा कि सुंदरबनी के लोगों में डर का माहौल पैदा हो चुका है कि सुंदरबनी के कुछ हिस्सों को तोड़कर अन्य विधानसभाओं के साथ जोड़ा जा रहा है। जिसे हर कीमत में जनता कभी मंजूर नहीं करेगी। हम लोग नौशहरा विधानसभा क्षेत्र में आते है और हम लोग सुंदरबनी क्षेत्र को अगल से विधानसभा बनाने की मांग कर रहे है। जब तक सुंदरबनी को अगल से विधानसभा क्षेत्र घोषित नहीं किया जाता तब तक हमारे क्षेत्र का विकास नहीं हो पाएगा और लोगों के साथ जो भेदभाव हो रहा है वह आगे भी होता रहेगा।