घुसपैठ को नाकाम बनाते नायक शहीद, तीन जवान घायल
जागरण न्यूज नेटवर्क राजौरी/जम्मू राजौरी जिले के कलाल सेक्टर और जम्मू जिले के अखनूर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, राजौरी/जम्मू : राजौरी जिले के कलाल सेक्टर और जम्मू जिले के अखनूर में नियंत्रण रेखा पर शुक्रवार को पाकिस्तानी गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब देते और घुसपैठ को नाकाम बनाते भारतीय सेना का एक नायक शहीद और तीन जवान घायल हो गए। भारत ने भी पाकिस्तान को करार जवाब दिया। सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान को भी भारी नुकसान हुआ है। देर शाम तक दोनों तरफ से भारी गोलाबारी जारी रही।
नौशहरा के कलाल सेक्टर में शहीद हुए नायक की पहचान 25 वर्षीय सुभाष थापा के रूप में हुई है। वह पश्चिम बंगाल की सिलिगुड़ी तहसील के पानीघाटा गांव के रहने वाले हैं। वहीं घायल जवानों में सूबेदार प्रेम सिंह, नायक अजय कुमार व राइफलमैन मलकीत सिंह शामिल हैं। हालांकि जवानों के घायल होने की अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने लगातार दूसरे दिन शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे गोलाबारी शुरू की, जो आठ बजे तक जारी रही। गोलाबारी की आड़ में पाक सेना आतंकियों के दल को भारतीय क्षेत्र में दाखिल करवाने का प्रयास कर रही थी, जिसे सेना के जवानों ने विफल कर दिया। इस दौरान सेना के नायक सुभाष थापा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत पास के सैन्य अस्पताल ले जाया गया। जहां से उन्हें ऊधमपुर के कमान अस्पताल में शिफ्ट किया गया, जहां उन्होंने वीरगति प्राप्त की। जम्मू के पीआरओ डिफेंस लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने बताया कि शहीद थापा अपने पीछे मां पदमा थापा को छोड़ गए हैं। थापा आठ साल पहले सेना में जवान के रूप में भर्ती हुए थे।
इधर, जम्मू के अखनूर के करी बट्टल सेक्टर में पाकिस्तान ने वीरवार देर रात को भारी गोलाबारी शुरू कर दी। इस दौरान ललयाली इलाके में मोर्टार गिरने से सेना के तीन जवान घायल हो गए। तीनों को तुरंत सैन्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बताया जा रहा है कि दो जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि तीसरे जवान का जम्मू के सैन्य अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूत्रों के अनुसार, अखनूर सेक्टर में भी पाकिस्तान ने आतंकियों की घुसपैठ करवाने के लिए भारी गोलाबारी की, जिसे सेना के सर्तक जवानों ने त्वरित कार्रवाई कर नाकाम बना दिया। शुक्रवार को भी दिनभर पाकिस्तान की ओर से रुक-रुककर गोलाबारी होती रही। पाक सेना द्वारा दागे गए मोर्टार रिहायशी क्षेत्रों में घरों के आसपास भी गिरे, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।
पाकिस्तान पांच अगस्त के बाद से सीमा पर लगातार गोलाबारी कर तनाव बढ़ा रहा है। पाकिस्तान ने गत वीरवार को भी पुंछ के सात सेक्टरों व कठुआ के हीरानगर सेक्टर में भारी गोलाबारी की थी। जवाबी कार्रवाई में भारत ने पाकिस्तान की पांच चौकियों को तबाह कर तीन पाक सैनिकों को ढेर कर दिया था।