पाक सेना ने बरसाए गोले, महिला की मौत व चार घायल
जागरण संवाददाता राजौरी सीमा पार से नापाक हरकतें जारी हैं। पाक सेना ने वीरवार को भी
जागरण संवाददाता, राजौरी :
सीमा पार से नापाक हरकतें जारी हैं। पाक सेना ने वीरवार को भी राजौरी, पुंछ व जम्मू जिले में नियंत्रण रेखा पर भारतीय चौकियों के साथ रिहायशी क्षेत्रों पर भारी गोलाबारी की। इसमें एक महिला की मौत और तीन महिलाओं सहित चार लोग जख्मी हो गए। घायलों में सेना का एक जवान भी शामिल है, जो अपने घर छुट्टी पर आया था। पाक गोलाबारी में बीस से अधिक मकानों को नुकसान हुआ है और कई मवेशी भी मारे गए हैं। भारतीय सेना भी पाक सेना को मुंह तोड़ जवाब दे रही है। सीमा पार भी पाक सेना को भारी नुकसान की सूचना है।
पिछले तीन दिन से गोलाबारी कर रही पाक सेना ने सुबह छह बजे फिर कृष्णा घाटी, मनकोट, बलनोई, मेंढर, कालाकोट, कलाल, झंगड़, लाम, कलसियां, शेर मकड़ी, बाबा खोड़ी सेक्टरों के अलावा जम्मू के अखनूर के केरी बट्टल व पलांवाला में फायरिग शुरू कर दी। सुबह के समय पाक सेना रुक रुककर गोलाबारी कर रही थी। कुछ देर शांति के बाद दोपहर को सीमा पार से एकाएक गोलाबारी फिर तेज हो गई। इस दौरान पाकिस्तान की ओर से दागा गया मोर्टार बलनोई सेक्टर में सेना में लांस नायक जाकिर हुसैन पुत्र मुहम्मद माजिद के घर के बाहर गिरकर फटा। इसमें जाकिर गंभीर रूप से घायल हो गए। गोलाबारी के बीच ही उन्हें उपचार के लिए उपजिला अस्पताल मेंढर में लाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सैन्य अस्पताल रेफर कर दिया गया। मनकोट के छज्जला क्षेत्र में भी पाक सेना द्वारा दागे गए मोर्टार लोगों के घर के ऊपर व आसपास गिरे। मोर्टार की चपेट में आने से अमीन अख्तर पुत्री मोहम्मद सादिक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। पाक सेना ने नाड़ मनकोट गांव को भी निशाना बनाकर गोलाबारी की, जिसमें नसीम अख्ती पत्नी मोहम्मद यूनुस घायल हो गई। घायल महिला को उपजिला अस्पताल मेंढर में भर्ती करवाया गया है।
पाक सेना ने कलसियां नौशहरा में भी जमकर गोलाबारी की, जिसकी चपेट में आने से कैलाश देवी पत्नी पुरुषोत्तम लाल निवासी कलसियां व अनू देवी पत्नी गुलशन कुमार निवासी कलसियां भी घायल हो गई। दोनों को उप जिला अस्पताल मेंढर में भर्ती करवाया गया है। पाक सेना द्वारा रिहायशी क्षेत्रों में दागे जा रहे गोलों से सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले लोगों विशेषकर महिलाओं व बच्चों में दशहत का माहौल है। भारतीय सेना भी पाक सेना को कड़ा जवाब दे रही है। बावजूद इसके पाक सेना लगातार भारतीय क्षेत्र में मोर्टार दाग रही है। अखनूर के केरी बट्टल व पलांवाला में शाम पांच बजे तक पाक गोलाबारी जारी रही। पाक सेना ने दागे तोप के गोले :
पाकिस्तानी सेना ने शाम को राजौरी के कलाल सेक्टर में 105 एमएम हॉवित्जर (तोप का गोला) भी दागे। यह लोगों के घरों के आसपास गिरे, हालांकि इससे किसी नुकसान की सूचना नहीं है।