भारत की जवाबी कार्रवाई में पाक की चार पोस्ट तबाह
जागरण संवाददाता राजौरी एक दिन नियंत्रण रेखा पर शांति के बाद पाकिस्तानी सेना ने शुक्रवार
जागरण संवाददाता, राजौरी : एक दिन नियंत्रण रेखा पर शांति के बाद पाकिस्तानी सेना ने शुक्रवार को पुंछ के शाहपुर किरनी सेक्टर में फिर भारी गोलाबारी शुरू कर की, लेकिन उसको यह दुस्साहस भारी पड़ गया। पाक गोलाबारी में जम्मू कश्मीर पुलिस का एक एसपीओ (स्पेशल पुलिस आफिसर) गंभीर रूप से घायल हो गया। पाकिस्तानी गोले भारत के रिहायशी इलाकों में भी पड़े। इसके बाद भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई कर सीमा पार पाकिस्तान की चार पोस्टों को तबाह कर दिया। कई पाकिस्तानी सैनिकों के भी मारे जाने की सूचना है। देर रात तक दोनों तरफ से गोलाबारी जारी रही।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब साढ़े पांच बजे पाक सेना ने एकाएक भारी गोलाबारी शुरू कर दी। पाक सेना ने शाहपुर किरनी सेक्टर में सैन्य चौकियों के साथ-साथ रिहायशी क्षेत्रों को भी निशाना बनाकर मोर्टार दागे। कई गोले लोगों के घरों के आसपास गिरे। डरे-सहमे लोग घरों में दुबके रहे। इसी दौरान सीमा पर सेना के साथ तैनात एसपीओ सईद शाह घायल हो गया। उसे किसी तरह गोलाबारी के बीच से निकाल कर जिला अस्पताल पुंछ में भर्ती करवाया गया। पाक गोलाबारी से सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। भारतीय सेना भी पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे रही है। सीमा पर जबरदस्त तनाव बना हुआ है। उल्लेखनीय है कि इस माह चार लोगों की मौत और सेना के मेजर सहित छह लोग घायल हो चुके हैं। भारत ने भी पाकिस्तानी सेना को भारी नुकसान पहुंचाया है।