पाक ने की भारी गोलाबारी, राइफलमैन शहीद, चार जवान घायल
जागरण संवाददाता राजौरी पाकिस्तान सुधरने वाला नहीं। नियंत्रण रेखा पर बार-बार संघर्ष विरा
जागरण संवाददाता, राजौरी :
पाकिस्तान सुधरने वाला नहीं। नियंत्रण रेखा पर बार-बार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर तनाव बढ़ा रही पाकिस्तानी सेना ने सोमवार को जम्मू की अखनूर तहसील के केरी बट्टल सेक्टर में भारी गोलाबारी की। इसमें भारतीय सेना का एक जवान शहीद और चार अन्य घायल हो गए। भारतीय सेना ने भी पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया। इसमें सीमा पार पाकिस्तान को भी भारी नुकसान की सूचना है। शहीद की पहचान 24 वर्षीय राइफलमैन करमजीत सिंह निवासी गांव जनेर, तहसील धर्मकोट, जिला मोगा, पंजाब के रूप में हुई है। पाकिस्तान ने अखनूर के केरी बट्टल में रात करीब 11 बजे फिर गोलाबारी शुरू कर दी। भारत ने भी पाकिस्तान को कड़ा जवाब दिया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब पांच बजे पाक सेना ने केरी बट्टल सेक्टर में सैन्य चौकियों पर एकाएक गोलाबारी शुरू कर दी। इसके कुछ देर बाद पाकिस्तानी सेना ने रिहायशी क्षेत्रों को निशाना बनाकर मोर्टार दागने शुरू कर दिए। यह गोलाबारी करीब दस बजे तक जारी रही। इसमें सेना के पांच जवान घायल हो गए। सभी को तुरंत सैन्य अस्पताल ले जाया गया। बाद में इनमें से करमजीत सिंह शहीद हो गए। अन्य का उपचार जारी है। इस घटना के बाद भारतीय सेना के जवानों ने भी पाक सेना को करारा जवाब दिया। इसमें पाक सेना का भी काफी नुकसान हुआ है। इस गोलाबारी से सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। सीमा पर भारी तनाव बना हुआ है।
पाक सेना ने रविवार शाम को भी इसी सेक्टर में गोलाबारी की थी। इस दौरान भी भारतीय सेना द्वारा दिए गए करारे जवाब में पाक सेना की चार चौकियां क्षतिग्रसत हो गई थी और कुछ जवान भी मारे गए थे।
इस वर्ष पाक गोलाबारी से नुकसान : -11 जनवरी : सुंदरबनी सेक्टर में सेना का पोर्टर शहीद।
-12 जनवरी : नौशहरा में सीमा पर आइईडी धमाके में सेना का मेजर व जवान शहीद।
-28 फरवरी : पुंछ में पाक गोलाबारी से महिला की मौत।
-3 मार्च : पाक की गोलाबारी में पुंछ में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत।