उत्तरी कमान प्रमुख ने किया राजौरी और पुंछ का दौरा, अधिकारियों के साथ की बैठक; LOC पर जवानों से भी मिले
Jammu Kashmir News उत्तरी कमान प्रमुख ने शनिवार को राजौरी और पुंछ जिलों का दौरा किया। यहां उन्होंने उच्च अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद उपेंद्र द्विवेदी नियंत्रण रेखा के पास तैनात जवानों से भी मिले।
राजौरी, जागरण संवाददाता। उत्तरी कमान प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी शनिवार दोपहर को राजौरी पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद वह सीधे सेना के मुख्यालय गए। यहां पर उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक करके क्षेत्र के हालात पर चर्चा की और उसके बाद अग्रिम क्षेत्रों का दौरा कर एलओसी पर तैनात जवानों से भेंट की। इसके बाद वहां से वापस उधमपुर के लिए रवाना हो गए।
इस दौरान 16 कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल संदीप जैन भी उनके साथ थे। जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर को उत्तरी कमान प्रमुख राजौरी पहुंचे। यहां पर वह सेना के मुख्यालय में गए और वहां पर सेना के उच्च अधिकारियों के साथ लगभग डेढ़ घंटे से अधिक समय तक बैठक की।
'आतंकियों को ढेर करने के लिए अभियानों को तेज करें'
बैठक के दौरान उन्होंने राजौरी और पुंछ, दोनों जिलों के हालात पर विस्तार से चर्चा की और कहा कि क्षेत्र में जो भी आतंकी मौजूद हैं जल्द ही उनको ढेर करने के लिए अभियानों को तेज किया जाए और एलओसी पर चौकसी को कड़ा किया जाए, ताकि कोई भी आतंकी भारतीय क्षेत्र में दाखिल न हो सके।
एलओसी पर जवानों से मिले उपेंद्र द्विवेदी
उन्होंने एलओसी पर तैनात जवानों की भी सराहना की। इसके बाद वह राजौरी के अग्रिम चौकियों के दौरे पर गए और वहां पर जवानों के साथ मिलकर उनका मनोबल बढ़ाने का प्रयास किया और जवानों के साथ जलपान भी किया।
उल्लेखनीय है कि पिछले 22 दिनों में उत्तरी कमान प्रमुख का राजौरी में यह चौथ दौरा था। इस दौरान उनके साथ 16 कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल संदीप जैन व सेना के अन्य उच्च अधिकारी भी मौजूद थे।