जम्मू-कश्मीर के राजौरी में गहरी खाई में गिरी यात्रियों से भरी गाड़ी, 2 लोगों की मौत और 21 घायल
राजौरी के मोगला क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और ...और पढ़ें
-1791571209633_m.webp)
गहरी खाई में गिरी यात्रियों से भरी गाड़ी। फोटो जागरण
HighLights
राजौरी के मोगला में दर्दनाक सड़क हादसे में दो की मौत।
वाहन खाई में गिरने से 21 लोग गंभीर रूप से घायल।
घायलों में महिलाएं-बुजुर्ग शामिल, कुछ राजौरी रेफर।
जागरण संवाददाता, राजौरी। राजौरी जिले के मोगला क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य घायल हो गए। हादसा शाम करीब छह बजे पुलिस चौकी त्रियाठ के अधिकार क्षेत्र में हुआ। जानकारी के अनुसार, यात्रियों से भरा वाहन नंबर जेके20सी-8295 अचानक सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा।
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) मोगला पहुंचाया। हादसे में महिलाओं और बुजुर्गों सहित कुल 21 लोग घायल हुए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वाहन में सवार लोग मरचोला में एक व्यक्ति की मौत पर शोक जताने के बाद अपने घरों की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान मोगला क्षेत्र में वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में सहयोग किया। घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने के प्रयास किए गए, ताकि उन्हें समय पर उपचार मिल सके।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही दो ने तोड़ा दम
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोगला के हादसे में बलबीर सिंह (45) पुत्र सुरम सिंह, और प्रीतम सिंह, पुत्र संत राम, दोनों निवासी मोगला को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया।
हादसे में दोनों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, दुर्घटना में घायल 21 लोगों को उपचार के लिए पीएचसी मोगला पहुंचाया गया। घायलों में कई महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं। हादसे के बाद स्वास्थ्य केंद्र में घायलों को प्राथमिक उपचार देने के लिए आवश्यक व्यवस्था की गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के इलाकों से लोग भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। दुर्घटना में शामिल वाहन के खाई में गिरने से यात्रियों को चोटें आईं। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई गई, जिसके चलते चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए बड़े अस्पतालों में भेजने का निर्णय लिया।
गंभीर घायलों को राजौरी और कटरा रेफर किया
अतिरिक्त उपायुक्त कालाकोट मुहम्मद तनवीर ने बताया कि हादसे में घायल कुछ लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) राजौरी और नारायणा अस्पताल, कटरा रेफर किया गया है।
अन्य घायलों का उपचार भी जारी है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से घायलों को उपलब्ध कराए जा रहे उपचार तथा अस्पतालों में व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद कालाकोट-सुंदरबनी के विधायक ठाकुर रणधीर सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त कालाकोट मुहम्मद तनवीर और खंड चिकित्सा अधिकारी कालाकोट डॉ. इकबाल मलिक अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों की स्थिति का जायजा लिया और चिकित्सकों से उपचार संबंधी जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने घायलों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।
घायलों में महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल
हादसे में घायल लोगों की पहचान कौशल सिंह (23), पुत्र रतन सिंह, जोगिंदर सिंह (80), पुत्र तीरथ सिंह, अंबिका शर्मा (45), पुत्र गिदिश कुमार, कौशल्या देवी (65), पत्नी तीरथ सिंह, बबली देवी (30), पत्नी तारा सिंह, कमल सिंह (55), पुत्र भीम सिंह, दिगपाल सिंह (50), पुत्र संसार सिंह, संजय कुमार (30), पुत्र मूल राज, निवासी थलका, रानो देवी (61), पत्नी बिहारी लाल, शारदी देवी (60), पत्नी सजीब सिंह, दर्शना देवी (35), पत्नी दीपो सिंह, सुदेश कुमार (50), पुत्र करनैल सिंह, सत्या देवी (70), पत्नी तरलोक सिंह, निवासी बधोग, बिंदो देवी (35), पत्नी जोगिंदर सिंह, सतवीर सिंह (60), परवेज सिंह (65), पुत्र चंदर सिंह, बिमला देवी (60), पत्नी हरि सिंह, नीलम देवी (40), पत्नी राकेश सिंह, जोगिंदर सिंह (45), पुत्र जनक सिंह, सुंदर सिंह (60), पुत्र दिलीप सिंह और संयोगिता कुमारी (55), पत्नी सुंदर सिंह के रूप में हुई है। घायलों में अधिकांश मोगला क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और वाहन सड़क से फिसलकर खाई में कैसे गिरा, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत और 21 लोगों के घायल होने से मोगला सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
