यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 05, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Infiltration Along LoC : भारतीय सेना ने कहा, आतंकियों की घुसपैठ में सहयोग कर रही पाक सेना
Infiltration Along LoC राजौरी में 25 डिवीजन मुख्यालय में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए पुंछ सेना के ब्रिगेड कमांडर ब्रिगेडियर ...और पढ़ें

राजौरी, जागरण संवाददाता : भारतीय सेना ने कहा कि गत वीरवार को पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश से पता चलता है कि पाकिस्तान ने घुसपैठ कराने में पूरा सहयोग दिया है। इसके पीछे पाकिस्तान का उद्देश्य अपने देश में मौजूदा आंतरिक उथल-पुथल से लोगों का ध्यान हटाना और राजौरी व पुंछ जिलों के हालात खराब करना है।
राजौरी में 25 डिवीजन मुख्यालय में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए पुंछ सेना के ब्रिगेड कमांडर ब्रिगेडियर राजेश बिष्ट के साथ राजौरी व पुंछ रेंज के डीआइजी डा. हसीब मुगल ने पूरे आपरेशन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तीन नवंबर को सुबह लगभग 9:30 बजे पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर तैनात भारतीय सेना के जवानों ने पठानी सूट में तीन घुसपैठियों की संदिग्ध हरकत देखी, जो नकारकोट क्षेत्र से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे।
अब तक एक आतंकी का शव और हथियार बरामद : सेना ने घुसपैठियों को चुनौती दी तो उन्होंने जवानों पर भारी गोलीबारी शुरू की दी। जवाबी कार्रवाई में तीनों आतंकी घायल हो गए। गोलीबारी बंद हो जाने के बाद जवानों ने क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया। उन्होंने कहा कि तलाशी एक कठिन काम था, क्योंकि इस क्षेत्र में घना जंगल व बड़े बड़े पत्थर थे, लेकिन फिर भी हमारे जवानों ने अभियान को जारी रखा और एक आतंकी का शव हथियार सहित बरामद किया। इसके बाद, जैसे-जैसे आपरेशन नियंत्रण रेखा की ओर बढ़ा, और हथियार और कई अन्य सामान बरामद किए गए। वहां खून का निशान भी देखा गया, जो नियंत्रण रेखा की ओर बढ़ रहा था।
यह हुआ बरामद :
तलाशी अभियान के दौरान दो एके-74 राइफल के साथ चार मैगजीन और 43 राउंड, पिस्टल के सात राउंड, एक चीनी पिस्टल और एक मैगजीन, केबल और बैटरी के साथ एक क्लेमोर माइन भी मिली। इसके अलावा एक एसएमजी मैगजीन, एक बैग, पाकिस्तान में बने गोल्ड कप ब्रांड का एक सिगरेट का पैकेट, लाइटर, प्रतिबंधित ड्रग का एक छोटा पैकेट (जो आतंकी ने अपने उपयोग के लिए रखा हुआ हो सकता है) बरामद किया। इसके साथ, सुरक्षा बलों ने पुंछ सेक्टर में घुसपैठ की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया।
