सरकारी योजनाओं का लाभ उठाए आम जनता : बालकृष्ण
संवाद सहयोगी सुंदरबनी तहसील स्योट की पंचायत ठंडा पानी में शुक्रवार को बीडीसी चेयरमैन बाल
संवाद सहयोगी, सुंदरबनी : तहसील स्योट की पंचायत ठंडा पानी में शुक्रवार को बीडीसी चेयरमैन बालकृष्ण शर्मा के दिशानिर्देश पर ई श्रम कार्ड बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में आम लोगों व मजदूर वर्ग को श्रम विभाग द्वारा बनाए जा रहे लेबर कार्ड के प्रति जागरूक करने के लिए शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में पहुंचे लोगों को जागरूक करते हुए बालकृष्ण शर्मा ने बताया कि सरकार द्वारा आम लोगों के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। आम लोगों को इन योजनाओं का पूरा लाभ उठाना चाहिए। बालकृष्ण शर्मा ने बताया कि सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना हमारी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पंजीकृत कार्यकर्ता को एक विशेष नंबर के साथ ही ई श्रम कार्ड दिया जाएगा, जिसके जरिए उन्हें देश भर में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का फायदा मिलेगा। इसके अलावा इस ई श्रम पोर्टल पर प्रत्येक पंजीकृत असंगठित कामगार के लिए दो लाख तक का दुर्घटना बीमा कवर भी सरकार ने दिया है। उन्होंने बताया कि यदि पोर्टल पर पंजीकृत कोई भी मजदूर दुर्घटना का शिकार होता है तो मृत्यु या स्थायी रूप से दिव्यांग होने की स्थिति में उसे सरकार द्वारा दो लाख और आशिक रूप से दिव्यांग होने पर एक लाख की सहायता दी जाएगी। बालकृष्ण शर्मा ने बताया कि इस शिविर का मुख्य आदेश यही है कि जो लेबर कार्ड पहले के बने हुए हैं, उनका नवीनीकरण करने के साथ अन्य ग्रामीणों को भी लेबर कार्ड बनाने से संबंधित जानकारी दी जाए। उन्हें जागरूक करना है, ताकि ग्रामीण लेबर कार्ड का लाभ उठा सकें। उन्होंने बताया कि सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना के तहत श्रम विभाग द्वारा ग्रामीण मजदूरों के बच्चों के लिए छात्रवृत्ति दी जाती है। इसके अलावा मजदूरी करते हुए किसी मजदूर को चोट आती है या मृत्यु हो जाती है तो पीड़ित या मृतक के स्वजन को भी श्रम विभाग द्वारा आर्थिक मदद लेबर कार्ड पर दी जाती है।
ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले मजदूर सरकार की इन दोनों महत्वपूर्ण योजनाओं का पूरा फायदा उठाएं। इस मौके पर काफी संख्या में पंच और सरपंच भी मौजूद रहे।