पाक सेना ने एलओसी पर की गोलाबारी, भाजपा कार्यकर्ता थे सोपोर में मारे गए आरिफ
दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के अबहामा क्षेत्र में वीरवार को सुरक्षाबलों ने आतंकियों के छिपे होने की सूचना पर तलाशी अभियान चलाया।
राजौरी, [जागरण संवाददाता] । सांबा में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मुंह की खाने के बाद पाकिस्तान ने वीरवार रात नौ बजे उपजिला नौशहरा के कलाल व झंगड़ सेक्टर में गोलाबारी शुरू कर दी। पाकिस्तान ने भारतीय सैन्य चौकियों के साथ-साथ रिहायशी क्षेत्रों को भी निशाना बनाया।
भारत की ओर से भी पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है। देर रात तक दोनों तरफ से गोलाबारी जारी रही। पाक सेना एलओसी पर पिछले दो सप्ताह से गोलाबारी कर रही है। इसमें मेजर सहित सेना के पांच जवान शहीद हो गए थे। जवाबी कार्रवाई कर भारत ने भी पाक सेना के चार से पांच जवान ढेर कर दिए थे।
भाजपा कार्यकर्ता थे सोपोर में मारे गए आरिफ
अज्ञात बंदूकधारियों द्वारा बुधवार देर शाम बारामुला के सोपोर में मारे गए 25 वर्षीय युवक आरिफ अहमद सोफी भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता थे। भाजपा ने अपने कार्यकर्ता के निधन पर गहरा शोक जताया है। पार्टी महासचिव व कश्मीर के प्रभारी डॉ. नरेन्द्र सिंह ने बताया कि साजिश के तहत कश्मीर में भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने जोर दिया कि राज्य सरकार कश्मीर में भाजपा कार्यकर्ताओं की सुरक्षा के मसले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई करे। पार्टी नेताओं पर लगातार हमले हो रहे हैं। वाही पोरा के यूंसू के निवासी आरिफ अहमद सोफी पुत्र मुहम्मद मकबूल सोफी को उनके ननिहाल में अज्ञात बंदूकधारियों ने बुधवार देर शाम 7.25 बजे नजदीक से गोली मार दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर भाग निकले थे।
अबहामा में तलाशी अभियानदक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के अबहामा क्षेत्र में वीरवार को सुरक्षाबलों ने आतंकियों के छिपे होने की सूचना पर तलाशी अभियान चलाया। सूचना मिलते ही सुरक्षाबलों ने क्षेत्र को सील कर दिया और घर-घर तलाशी ली। सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार तलाशी शाम 3.30 बजे तक जारी रहा, लेकिन किसी भी आतंकी या संदिग्ध व्यक्ति का सुराग नहीं मिला।