पौधारोपण के प्रति किसानों को किया जागरूक
जागरण संवाददाता राजौरी कृषि विज्ञान केंद्र राजौरी ने केंद्र परिसर में पौधारोपण कर मंग
जागरण संवाददाता, राजौरी : कृषि विज्ञान केंद्र राजौरी ने केंद्र परिसर में पौधारोपण कर मंगलवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें 70 से अधिक किसानों के साथ मुख्य बागवानी अधिकारी राजौरी राकेश कोतवाल, कृषि विभाग के अधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। इस मौके पर किसानों के बीच 300 पौधे वितरित किए गए।
कृषि विज्ञान केंद्र राजौरी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अरविद कुमार ईशर ने इस जागरूकता शिविर के उद्देश्य के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कृषि और मानव जीवन पर जलवायु परिवर्तन के प्रभाव के बारे में बताया कि यह बदलाव अंधाधुंध वनों की कटाई के कारण है और इस संकट को नियंत्रण करने का तरीका अधिक से अधिक पौधे लगाना है। इसके साथ ही उन्होंने किसानों को अपने खेतों में फलदार पौधे और अन्य बहुउद्देशीय पेड़ उगाने के लिए भी प्रेरित किया। साथ ही प्लास्टिक का उपयोग न करने के लिए सभी को प्रेरित किया। वहीं, क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता कपिल सरयाल ने इस मौके पर कहा कि उन्हें वैज्ञानिकों की सलाह पर काम करने और राजौरी को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने हैं। इस मौके पर अकीस नसीर, सरपंच जमोला ने दूरदराज के किसानों के कल्याण के लिए इस तरह के सूचनात्मक और महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के आयोजन की सराहना की।