350 वाहनों के काटे चालान, 24 वाहन जब्त
जिले में वाहन चालकों की मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए यातायात विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। यातायात पुलिस ने मंगलवार को ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से एक लाख 55 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया। इसके अलावा 24 वाहनों को सीज कर 350 वाहनों के चालान काटे। इस कार्रवाई के बाद वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। बिना कागजात के वाहन चलाने वाले चालक शहर की सड़कों से गायब हो गए। इक्का-दुक्का नजर आ रहे थे वे भी पूरी जानकारी हासिल करके ही आगे बढ़ रहे थे। लेकिन कार्रवाई के बाद सड़क पर पहले जैसी स्थिति नजर आने लगी।
जागरण संवाददाता, राजौरी : जिले में वाहन चालकों की मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए यातायात विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। यातायात पुलिस ने मंगलवार को ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से एक लाख 55 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया। इसके अलावा 24 वाहनों को सीज कर 350 वाहनों के चालान काटे। इस कार्रवाई के बाद वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। बिना कागजात के वाहन चलाने वाले चालक शहर की सड़कों से गायब हो गए। इक्का-दुक्का नजर आ रहे थे, वे भी पूरी जानकारी हासिल करके ही आगे बढ़ रहे थे। लेकिन कार्रवाई के बाद सड़क पर पहले जैसी स्थिति नजर आने लगी।
यातायात पुलिस के एसएसपी जम्मू ग्रामीण मोहन लाल कैथ ने राजौरी शहर के कई जगहों पर खुद मौजूद रहकर वाहनों की जांच की। इसमें सैलानी पुल, पांजा चौक, गुर्जर मंडी चौक और खेवहरा शामिल हैं। इस दौरान यातायात पुलिस ने यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रहे 350 वाहन चालकों को चालान काटे। इन वाहन चालकों से एक लाख 55 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूल किया गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाली आर्मी स्कूल की चार बसों को जुर्माना किया गया। इसके अलावा 24 वाहनों को जब्त कर लिया गया है, जो बिना दस्तावेज व सड़कों पर अवैध रूप से खड़े थे। एसएसपी ट्रैफिक द्वारा की गई इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप सा मचा रहा। जिन वाहन चालकों के दस्तावेज पूरे नहीं थे उन्होंने अपने वाहनों को शहर में दाखिल ही नहीं किया और दोपहिया वाहन चालक जो बिना हेलमेट के चल रहे थे वह भी बीच रास्ते से अपने घरों को लौट आए। शहर की सड़कों पर दौड़ने वाले ऑटो भी पूरा दिन सड़कों से गायब रहे। जैसे ही ट्रैफिक पुलिस ने अपने नाकों को उठाना शुरू किया तो ऑटो भी चलना शुरू हो गए। इसके साथ ही सड़क पर दोपहिया वाहन चालक भी बिना हेलमेट के वाहन दौड़ाते नजर आए। समय सीमा समाप्त होने पर दो मिनीबस जब्त
यातायात पुलिस ने 15 वर्षो की समय सीमा समाप्त होने सड़क पर दौड़ रही दो मिनीबसों को जब्त कर लिया। विभाग के अनुसार इन मिनीबसों की समय सीमा खत्म हो चुकी थी। डीएसपी ट्रैफिक जुबेर मिर्जा ने कहा कि यातायात नियमों को तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। सड़कों पर जो भी वाहन 15 वर्ष से अधिक समय से चल रहे है उन्हें जब्त कर लिया जाएगा। इसके अलावा सड़कों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई होगी।