सात माह से ठप है पेयजल सप्लाई, विरोध में प्रदर्शन
जागरण संवाददाता राजौरी तुंडीतराड़ पंचायत के साथ आसपास के गांवों में सात माह से पेयजल स
जागरण संवाददाता, राजौरी : तुंडीतराड़ पंचायत के साथ आसपास के गांवों में सात माह से पेयजल सप्लाई ठप है। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को सरपंच योगेश शर्मा के नेतृत्व में मनकोट पार्क के बाहर जल शक्ति विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द पानी की सप्लाई को बहाल नहीं किया गया तो आने वाले समय में जल शक्ति विभाग के खिलाफ लोग सड़कों पर उतरकर हाईवे जाम करेंगे। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे सरपंच योगेश शर्मा, पूर्व मास्टर सुभाष चंद्र शर्मा ने कहा कि हमारे घरों में पिछले सात माह से पीने का पानी नहीं आ रहा है। लोगों को पानी के लिए हर रोज प्राकृतिक जल स्त्रोतों का सहारा लेना पड़ रहा है। हम लोग कई बार जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से मिलकर उनसे पानी की सप्लाई को बहाल करने के लिए गुहार लगा चुके है, लेकिन इसके बावजूद ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस कारण से लोगों में रोष बढ़ता ही जा रहा है। पानी की सप्लाई बहाल नहीं की गई, तो जम्मू-पुंछ हाईवे जाम कर उग्र प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शनकारियों ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों का पुतला भी फूंका। हाईवे खुला, लेकिन सुस्त रही रफ्तार
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : शुक्रवार को जरूरी मरम्मत और रखरखाव के कारण बंद रहने के दौरान गांगरू और लरखेती में भूस्खलन का मलबा हटा कर शनिवार सुबह साढ़े दस बजे जम्मू-श्रीनगर हाईवे यातायात के लिए खोल दिया गया। इसके बाद से वाहनों को गुजारा जा रहा है, लेकिन रफ्तार सुस्त है।
बता दें कि हर शुक्रवार को जम्मू-श्रीनगर हाईवे मरम्मत और रखरखाव के लिए बंद रखा जाता है। मरम्मत कार्य के दौरान शुक्रवार दोपहर को गांगरू, हंसाबास और लरखेती इलाके में भारी भूस्खलन हुआ था। मलबा काफी ज्यादा था। लरखेती में काफी बड़ी चंट्टानें गिरी थीं। शुक्रवार को ही आशंका जताई जा रही थी कि हाईवे देरी से खुलेगा, मगर युद्ध स्तर पर काम कर निर्माण कंपनी ने सुबह सभी जगह पर गिरा मलबा हटा कर हाईवे को यातायात के चलने लायक बना दिया। इसके फौरन बाद जम्मू से श्रीनगर के बीच यातायात को बहाल कर दिया गया।
बड़ी संख्या में जम्मू से घाटी के लिए वाहन रवाना हुए। यातायात के अत्याधिक दबाव, कुछ जगहों पर संकरे मार्ग और चिनैनी नाशरी टोल प्लाजा पर टोल काटने की प्रक्रिया के धीमी होने के कारण हाईवे पर ऊधमपुर से लेकर जवाहर सुरंग तक अनेक जगह पर जाम की स्थिति बनती रही। इसे कुछ ही देर में खुलवा कर यातायात बहाल किया जाता रहा, मगर इसके बावजूद हाईवे पर यातायात की रफ्तार सुस्त रही। खस्ताहाल गली बढ़ा रही समस्या
संवाद सहयोगी, कालाकोट : कस्बे के वार्ड नंबर तीन रतन कालोनी में खस्ताहाल गली परेशानी का सबब बनी हुई है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि गली की मरम्मत को कई बार म्यूनिसिपल कमेटी को भी अवगत करवाया गया है कि गली की मरम्मत करवा कर इसमें सुधार लाया जाए, लेकिन इस ओर कोई भी ध्यान नहीं दिया जा रहा जिससे हम लोगों के साथ साथ अन्य आने जाने वालों को भी गली की खस्ताहाल के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी अंकुश बोहरा, केवल शर्मा, जोगिदर कुमार, भारत भूषण आदि ने कहा कि पिछले लंबे समय से वार्ड नंबर तीन में खस्ताहाल गलियों की दशा सुधारने को कमेटी कोई प्रयास नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि गलियों की दशा इतनी जर्जर खस्ता हाल है कि आने जाने में काफी परेशानियां पेश आ रही हैं और कई बार लोग गिरकर चोटिल भी हुए हैं। उन्होंने कहा कि कई बार कमेटी को भी गलियों की बदहाल दशा से अवगत करवाकर इनकी मरम्मत की मांग की गई, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई भी कदम नहीं उठाए गए। कमेटी के चेयरमैन विजय सूरी का कहना है कि कमेटी के अधीन जो भी गलियां जर्जर खस्ताहाल स्थिति में है उनकी मरम्मत को प्लान बनाया गया है और जल्द ही गलियों की मरम्मत करवाकर लोगों की परेशानी दूर की जाएगी।