महंगी पड़ी गोलाबारी, पाक सेना के सात सैनिक जख्मी
पुंछ जिले के मनकोट सेक्टर में भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के सात जवान घायल हो गए। पाकिस्तानी सेना की चार से पांच अग्रिम चौकियों को नुकसान भी पहुंचा है। मंगलवार की सुबह भी पाकिस्तानी सेना को पुंछ जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन करना भारी पड़ा था।
जागरण न्यूज नेटवर्क, राजौरी/कठुआ : पाकिस्तानी सेना को भारतीय जवानों ने एक बार फिर करारा जवाब दिया। पुंछ जिले के मनकोट सेक्टर में भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के सात जवान घायल हो गए। पाकिस्तानी सेना की चार से पांच अग्रिम चौकियों को नुकसान भी पहुंचा है। मंगलवार की सुबह भी पाकिस्तानी सेना को पुंछ जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन करना भारी पड़ा था। जवाबी कार्रवाई में तब उसके पांच जवान गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे।
पाकिस्तानी सेना ने बुधवार की शाम करीब सात बजे पुंछ जिले के मनकोट सेक्टर में भारतीय सेना की अग्रिम चौकियों पर गोलाबारी शुरू की। इसके बाद उसने रिहायशी क्षेत्रों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। गांवों में 120 एमएम के मोर्टार दागने शुरू कर दिए। इस पर भारतीय सेना ने जवाब देना शुरू कर दिया। इसमें पाकिस्तान की चार से पांच चौकियों को बड़ा नुकसान पहुंचा है। उसके छह से सात जवान घायल भी हुए हैं। पाक सेना इस गोलाबारी की आड़ में आतंकवादियों की घुसपैठ का प्रयास कर रही थी, जिसे नाकाम कर दिया गया है।
आइबी पर भी गोलाबारी: पाकिस्तानी रेंजरों ने कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा (आइबी) पर चक चंगा व छनटाडा गावों में भी गोलाबारी की है। बुधवार सुबह साढ़े चार बजे तक गोलाबारी जारी रही। पाक रेंजरों ने अपनी पप्पू चक पोस्ट से मोर्टार तथा छोटे हथियारों से भारतीय क्षेत्र में गोलिया बरसाई। इससे छनटाडा के ध्यान चंद के घर को नुकसान हुआ है। बीएसएफ की 19 बटालियन के जवानों ने भी गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया।