प्रधानमंत्री कार्यालय में ट्वीट करते ही बुजुर्ग महिला की मदद को पहुंची सेना
जागरण संवाददाता, राजौरी : मंगलवार को सुबह जम्मू संभाग के पुंछ से मानिक शर्मा ने प्रधानमंत्री कार्याल
जागरण संवाददाता, राजौरी : मंगलवार को सुबह जम्मू संभाग के पुंछ से मानिक शर्मा ने प्रधानमंत्री कार्यालय में एक ट्वीट किया कि राजौरी जिले के कालाकोट तहसील के दूरदराज गांव दयाला में रहने वाली उसकी दादी की तबीयत काफी खराब है और उसे समय पर उपचार की सख्त जरूरत है। जैसे ही प्रधानमंत्री कार्यालय में यह ट्वीट पहुंचा तो उसी समय इसकी जानकारी कालाकोट क्षेत्र में तैनात आरआर बटालियन को मिली। सेना ने मौके पर पहुंचकर महिला की मदद की।
जानकारी मिलते ही आरआर बटालियन के अधिकारियों ने बटालियन के डॉक्टर व अन्य जवानों को एंबुलेंस के साथ दयाला गांव की तरफ रवाना कर दिया। मौके पर पहुंचे आरआर बटालियन के डॉक्टर ने पाया कि 85 वर्षीय सीता देवी को हृदय की तकलीफ है। इसके साथ उनका रक्तचाप में भी काफी तेज है। उसी समय डॉक्टर ने मौके पर बुजुर्ग महिला को प्राथमिक उपचार दिया। उसके बाद बुजुर्ग महिला को एंबुलेंस तक पहुंचाया और उसे सैन्य अस्पताल राजौरी लाया। यहां पर सेना के विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा बुजुर्ग महिला का उपचार किया जा रहा है। लॉकडाउन के चलते वाहनों की आवाजाही ठप होने के कारण बुजुर्ग महिला सीता देवी को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा था। इससे परिवार के सदस्य काफी परेशान थे। सेना ने समय पर पहुंच कर महिला का उपचार किया और उसे बेहतर उपचार के लिए राजौरी में सेना के अस्पताल में पहुंचाया, जहां पर उसका उपचार किया जा रहा है। बुजुर्ग महिला के स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी उसके परिवार के सदस्यों को दी जा रही है। सेना के अधिकारियों का कहना है कि महिला जल्द स्वस्थ हो जाएगी और अपने परिवार के सदस्यों के साथ होगी। सेना द्वारा किए गए इस कार्य की स्थानीय लोगों ने काफी सराहना की है।