सीमा पार लोगों को उकसाया जा रहा: रणबीर सिंह
जागरण संवाददाता राजौरी सेना के सेक्टर कमांडरों ने उत्तरी कमान प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह व 16 कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल परमजीत सिंह को सीमा पर बने हालात की विस्तार से जानकारी दी
जागरण संवाददाता, राजौरी : सीमा पार नियंत्रण रेखा से सटे गांवों में रहने वाले लोगों को उकसा कर एलओसी पर लोगों को भेजने में पाक के राजनेता जुटे हुए हैं, लेकिन हमारी सेना पूरी तरह से तैयार है। अब पाक को सबक सिखाना काफी जरूरी हो चुका है। यह बातें राजौरी व सुंदरबनी सेक्टर के दौरे पर आए उत्तरी कमान प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह ने कहीं। नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर तैनात जवानों के साथ मुलाकात कर उन्होंने उनका मनोबल भी बढ़ाया और लगातार पाक सेना द्वारा किए जा रहे संघर्ष विराम के उल्लंघन का मुंहतोड़ जवाब देने के निर्देश दिए।
शनिवार को उत्तरी कमान प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह ने राजौरी व सुंदरबनी सेक्टर के अग्रिम क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान सेना के सेक्टर कमांडरों ने उत्तरी कमान प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह व 16 कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल परमजीत सिंह को सीमा पर बने हालात की विस्तार से जानकारी दी और बताया कि घुसपैठ को रोकने के लिए क्या उपाय किए जा रहे हैं और सीमा पार से होने वाले संघर्ष विराम का किस तरह से जवाब दिया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को कई जरूरी दिशानिर्देश जारी किए और अग्रिम चौकियों का दौरा करके जवानों का मनोबल बढ़ाया। इसके साथ ही उत्तरी कमान प्रमुख ने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं विकास के लिए सेना द्वारा हर प्रयास किया जा रहा है। लोगों को चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। आम लोगों की सुरक्षा के लिए हमारे जवान पूरी तरह से तैयार हैं। इस दौरान सेना के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।