महिला सशक्तीकरण के लिए बालिकाओं को शिक्षित करना जरूरी
संवाद सहयोगी पुंछ कृषि विज्ञान केंद्र शेर-ए-कश्मीर यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चरल ने नेहरू
संवाद सहयोगी, पुंछ : कृषि विज्ञान केंद्र शेर-ए-कश्मीर यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चरल ने नेहरू युवा केंद्र के सहयोग से कृषि विज्ञान केंद्र पुंछ में महिला सशक्तीकरण और महात्मा गांधी के विचारों पर साप्ताहिक कार्यशाला का आयोजन किया।
इस कार्यशाला में नेहरू युवा केंद्र पुंछ के प्रतिभागियों और छात्रों ने कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लिया और महिला सशक्तीकरण पर महत्वपूर्ण व्याख्यान दिए। उन्होंने सामाजिक समस्याओं और लड़कियों के बाल विवाह को लेकर समाज के लिए विचार प्रकट किए। इस अवसर पर कोविड-19 महामारी के मद्देनजर सभी एसओपी के बाद कार्यक्रम आयोजित किया गया और सभी प्रतिभागियों को मास्क प्रदान किए जाने के बाद कार्यशाला शुरू की गई।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. अजय गुप्ता ने कहा कि गांधीवादी विचारों, सत्य और अहिसा के सिद्धांत आज के समाज में बहुत प्रासंगिक हैं। उन्होंने विस्तार से गांधी जी के सिद्धांत, सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक स्वतंत्रता सहित समाज में महिलाओं को समान अधिकारों की वकालत की। वहीं, इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. मुजफ्फर मीर ने लड़कियों को शिक्षित करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला जो समाज के विकास के लिए बहुत महत्वपूर्ण कदम हैं। कृषि में महिलाओं की भूमिका के बारे में बोलते हुए उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि महिलाएं फसल की बुआई से लेकर उसकी कटाई तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और देश के विकास के लिए पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही हैं। कार्यक्रम के अंत में भाग लेने वाल वक्ताओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।