सड़क हादसों में नौ लोग घायल, दो की हालत गंभीर
जागरण संवाददाता पुंछ राजौरी-पुंछ जिलों में बुधवार को अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हा
जागरण संवाददाता, पुंछ : राजौरी-पुंछ जिलों में बुधवार को अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में नौ लोग घायल हो गए। इनमें से दो घायलों की हालत गंभीर है। पुंछ के कोटा क्षेत्र में हुए हादसे के सात घायलों को उपजिला मेंढर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि सुंदरबनी हादसे के दोनों घायलों को उपजिला अस्पताल सुंदरबनी में भर्ती कराया गया। यहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद दोनों को जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसों के कारणों का पता लगाने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुंछ जिले के कोटा क्षेत्र में मारुति वैन के खाई में गिरने के कारण इसमें सवार सात लोग घायल हो गए।
पुंछ जिले के बीजी से वैन नंबर जेके02एडब्ल्यू-8018 मेंढर की तरफ जा रही थी। इसी दौरान वाहन कोटा क्षेत्र में चालक के नियंत्रण से बाहर होकर सड़क से खाई में जा गिरी। इस हादसे में मुहम्मद कफील, जुल्फिकार, इबरार अहमद, मुहम्मद इश्तियाक, मुहम्मद जफर, फरजाना कोसर घायल हो गए। सभी लोग मेंढर के रहने वाले हैं। वाहन चालक घटना स्थल से फरार होने में सफल रहा। पुलिस वाहन चालक की तलाश कर रही है। इस संबंध में ब्लाक चिकित्सा अधिकारी डॉ. पीए खान का कहना है कि सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है और सभी का उपचार उपजिला अस्पताल मेंढर में किया जा रहा है। वहीं सुंदरबनी में हाईवे पर स्थित ठंडा पानी में एक तेज रफ्तार बाइक सामने से आ रही वैगनार कार से टकरा गई। इस हादसे में बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने तुरंत उन्हें उपजिला अस्पताल सुंदरबनी पहुंचाया। यहां से दोनों को जम्मू रेफर कर दिया गया है। घायलों की पहचान अभी कुमार पुत्र रमेश कुमार और पंकज कुमार पुत्र अशोक कुमार दोनों निवासी तंदानी के रूप में हुई है।