जम्मू-कश्मीर: पुंछ में LoC के पास मिलीं 5 बारूदी सुरंगें, सेना ने किया नष्ट; बसोनी टॉप में लगातार दूसरे दिन मिलीं
पुंछ में नियंत्रण रेखा के पास सेना ने गश्त के दौरान पांच बारूदी सुरंगें बरामद कर सुरक्षित नष्ट कीं। भारी ...और पढ़ें

पुंछ के मेंढर सेक्टर में सेना ने नष्ट कीं पांच बारूदी सुरंगें। (फाइल फोटो)
HighLights
सेना ने पुंछ में पांच बारूदी सुरंगें बरामद कीं।
मेंढर सेक्टर के बसोनी टॉप इलाके में मिलीं सुरंगें।
भारी बारिश से खिसककर खतरा बनती हैं बारूदी सुरंगें।
जागरण संवाददाता, राजौरी। सीमावर्ती जिला पुंछ में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास सेना ने सतर्कता बरतते हुए पांच बारूदी सुरंगों को बरामद कर सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। ये सुरंगें मेंढर सेक्टर के बसोनी टॉप इलाके में मिलीं। सेना की इस कार्रवाई से संभावित दुर्घटना को टाल दिया गया। बरामद सुरंगों को नष्ट करने के लिए बम निरोधक दस्ते की मदद ली गई।
अधिकारियों के अनुसार, शनिवार सुबह सेना के जवान नियंत्रण रेखा के अग्रिम क्षेत्र में नियमित गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बसोनी टॉप इलाके में नियंत्रण रेखा पर लगी बाड़ के पास दो बारूदी सुरंगें दिखाई दीं।
जवानों ने तत्काल सतर्कता बरतते हुए इलाके को सुरक्षित किया और बम निरोधक दस्ते को इसकी सूचना दी। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत दोनों सुरंगों को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया।
लगातार दूसरे दिन मिलीं बारूदी सुरंगें
इससे पहले शुक्रवार को भी इसी इलाके में तीन बारूदी सुरंगें बरामद हुई थीं। इस तरह दो दिनों के दौरान क्षेत्र से कुल पांच बारूदी सुरंगें मिलीं, जिन्हें सेना ने नष्ट कर दिया।
भारी बारिश से खिसक जाती हैं बारूदी सुरंगें
अधिकारियों के अनुसार, नियंत्रण रेखा के अग्रिम क्षेत्रों में घुसपैठ रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के तहत बारूदी सुरंगें बिछाई जाती हैं।
हालांकि, भारी बारिश और पानी के तेज बहाव के कारण कई बार ये सुरंगें अपनी निर्धारित जगह से खिसककर दूसरे स्थानों पर पहुंच जाती हैं। ऐसी स्थिति में ये सेना के जवानों, स्थानीय लोगों और मवेशियों के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं।
अग्रिम क्षेत्रों में सेना की सतर्कता जारी
नियंत्रण रेखा से सटे पुंछ जिले के संवेदनशील इलाकों में सेना लगातार गश्त और तलाशी अभियान चला रही है। जवान संदिग्ध वस्तुओं पर नजर रखने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए हुए हैं। बसोनी टॉप में बारूदी सुरंगों की बरामदगी के बाद भी क्षेत्र में सतर्कता बरती जा रही है।
सेना की सतर्कता और समय पर की गई कार्रवाई से इन बारूदी सुरंगों के कारण होने वाली संभावित दुर्घटना को टालने में मदद मिली। अधिकारियों ने अग्रिम क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी और गश्त जारी रखने की बात कही है।
