पुंछ में पाकिस्तान की गोलाबारी, जम्मू में रेंजर्स ने गोलियां चलाई
इसी बीच सीमा पर गोलियों की आवाज से दहशत का माहौल बन गया। पाकिस्तान की इस शरारत को देखते हुए सीमा प्रहरी कड़ी चौकसी बरत रहे हैं।
जम्मू, [ राज्य ब्यूरो] । सीमा के हालात बिगाडऩे पर तुले पाकिस्तान ने बुधवार सुबह पुंछ जिले में गोले दागे तो जम्मू के अरनिया में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर रेंजर्स ने गोलियां चला कर दहशत फैला दी।
पुंछ जिले में लगातार पांचवे दिन भी पाकिस्तान ने भिंबर गली सेक्टर में सुबह गोलाबारी की। पाकिस्तानी सेना के मोर्टार दागने का सिलसिला सुबह पांच बजे से शुरू होकर सुबह पौने छह बजे तक जारी रहा। इस गोलाबारी से नुकसान की कोई सूचना नही है। मंगलवार सुबह भी पाकिस्तान ने पुंछ जिले में गोले दागे थे। भारतीय सेना ने इस गोलाबारी का उचित जवाब दिया।
वहीं जम्मू के अरनिया में पाकिस्तानी रेंजर्स ने सुबह 7.35 बजे जबोवाल पोस्ट पर गोलियां दागी। यह गोलियां सीमा पर सरकंडों की सफाई कर रहे सीमा प्रहरियों पर दागी गई। पाकिस्तान की जुमत पोस्ट से की गई इस गोलीबारी में किसी के घायल होने की कोई सूचना नही है।
इसी बीच सीमा पर गोलियों की आवाज से दहशत का माहौल बन गया। पाकिस्तान की इस शरारत को देखते हुए सीमा प्रहरी कड़ी चौकसी बरत रहे हैं।