Jammu And Kashmir: पुंछ में पाक की भारी गोलाबारी, सेना का भी करारा जवाब
Pakistan firing in Poonch. पाक सेना ने रविवार सुबह जम्मू संभाग के पुंछ जिले के मनकोट सेक्टर में गोलाबारी की। भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई में पाक चौकियों को नुकसान पहुंचा है।
जागरण संवाददाता, राजौरी। Pakistan firing in Poonch. कश्मीर में पांच पाक प्रशिक्षित आतंकियों के ढेर होने पर बौखलाई पाक सेना ने रविवार सुबह जम्मू संभाग के पुंछ जिले के मनकोट सेक्टर में भारी गोलाबारी की। भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई में पाक चौकियों को नुकसान पहुंचा है। सुबह से दोपहर तक गोलाबारी होती रही। काफी समय से पाक सेना आतंकियों की घुसपैठ कराने के लिए कभी राजौरी तो कभी पुंछ के विभिन्न सेक्टरों में गोलाबारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार सुबह सात बजे पाक सेना ने अचानक मनकोट सेक्टर में सेना की अग्रिम चौकियों पर मोर्टार शेल दागे। इसके बाद रिहायशी क्षेत्रों को निशाना बनाकर गोलाबारी की। सुबह जो लोग बाहर निकले थे वे तुरंत सुरक्षित स्थानों में निकल गए। किसी भी प्रकार का कोई नुकसान नहीं हुआ। दोपहर तक रुक-रुक कर गोलाबारी होती रही। भारतीय सेना ने पाक सेना की कुछ चौकियों को नुकसान पहुंचाया है। आए दिन हो रही गोलाबारी से सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।
गौरतलब है कि बार-बार मुंह की खाने के बाद भी पाकिस्तान हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। इन दिनों जहां पूरा देश कोरोना से लड़ रहा है तो वहीं पाक सेना हालात खराब करने में जुटी है। शुक्रवार सुबह पाक सेना ने राजौरी जिले के सुंदरबनी सेक्टर और पुंछ के कृष्णा घाटी सेक्टर में भारी गोलाबारी की। इसमें सेना के चार व सीमा सुरक्षा बल के दो जवान घायल हो गए। सभी जवानों को सैन्य अस्पताल में भर्ती करवाया है। वहीं भारतीय सेना भी पाक सेना को मुंह तोड़ जवाब दे रही है। बावजूद सरहद पार से गोलाबारी जारी रही। पाक सेना आतंकियों को भारतीय क्षेत्र में घुसाने के पूरे प्रयास कर रही है।
तड़के सुंदरबनी सेक्टर में पाक ने भारी गोलाबारी शुरू कर दी। अग्रिम चौकियों के अलावा रिहायशी क्षेत्रों में मोर्टार शेल दागे जाने लगे। माला पोस्ट के पास तैनात सेना के चार और सीमा सुरक्षा बल के दो जवान घायल हो गए। अन्य जवानों ने गोलाबारी के बीच सभी घायलों को सैन्य अस्पताल पहुंचाया। शुरू के करीब दो घंटे तक गोलाबारी तेज हुई। जवाब मिलने के बाद रुक-रुक होने लगी। दोपहर को पुंछ जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर में भी पाक सेना ने गोलाबारी की। यहां से भारतीय सेना ने करारा जवाब दिया। पाक सेना ने गोलाबारी की रेंज को भी बढ़ा दिया है। नियंत्रण रेखा से सटे गांवों में मोर्टार शेल दागे जा रहे हैं। सीमांत क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। पाक सेना ने वीरवार को पुंछ के बालाकोट सेक्टर में भारी गोलाबारी की थी। इसमें भारतीय सेना के दो जवान घायल हो गए थे। जवाबी कार्रवाई में भारतीय सेना ने पाक सेना के तीन जवानों को ढेर कर दिया था।
जम्मू संभाग के कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर वीरवार रात को भी पाक रेंजरों ने गोलीबारी की। रात 10 बजे पाक रेंजरों ने अचानक बीका चक पोस्ट से मनयारी व पानसर गांवों के बीच मोर्टार तथा छोटे हथियारों से गोलीबारी की। भारतीय क्षेत्र में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। बीएसएफ ने भी पाक को मुंह तोड़ जवाब दिया।