अरनिया, रामगढ़ व पुंछ में भारी गोलाबारी, बालक घायल
जागरण न्यूज नेटवर्क, पुंछ: पाकिस्तान सीमा पर तनाव बढ़ाने पर आमादा है। जम्मू के अरनिया, आरएसप
जागरण न्यूज नेटवर्क, पुंछ:
पाकिस्तान सीमा पर तनाव बढ़ाने पर आमादा है। जम्मू के अरनिया, आरएसपुरा व रामगढ़ में वीरवार रातभर गोलाबारी करने के बाद पाकिस्तान शुक्रवार को दिनभर खामोश रहा, लेकिन रात होते ही उसने अरनिया, रामगढ़ के साथ-साथ पुंछ में नियंत्रण रेखा पर भारी गोलाबारी शुरू की दी। भारत ने भी पाक को करारा जवाब दिया।
पाक ने पुंछ में खड़ी करमाड़ा व चकना दा बाग सेक्टर में भारतीय सैन्य चौकियों व रिहायशी क्षेत्रों को निशाना बनाया। करमाड़ा में पाक गोलाबारी में एक बालक मुहम्मद सईद पुत्र मुहम्मद फारूक घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल पुंछ में भर्ती करवाया गया है। पाक सेना ने इस गोलाबारी की आड़ में आतंकवादियों के दल को भारतीय क्षेत्र में दाखिल करवाने का भी प्रयास किया, जिसे भारतीय सेना ने नाकाम बना दिया। सेना के उच्चाधिकारी व प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
इससे पहले पाक ने अरनिया में वीरवार रात साढ़े बारह बजे तक और रामगढ़ में सुबह पांच बजे तक डेढ़ दर्जन के करीब सीमांत चौकियों को निशाना बनाने के साथ करीब 25 गांवों में भारी गोलाबारी की थी। इसमें सात ग्रामीण घायल हो गए थे। सीमा सुरक्षा बल की कड़ी जवाबी कार्रवाई में सीमा पार पाकिस्तान के भी छह नागरिकों की मौत व 26 के घायल होने की पुख्ता सूचना है। पाकिस्तान के कुछ रेंजर्स भी मारे गए हैं। पाकिस्तान की ओर से अरनिया, पिंडी, कठार, जबोवाल, कोट खुर्द, आरएसपुरा के जोड़ा फार्म, रामगढ़ के जेरहड़ा इलाकों में भारी गोलाबारी में कई घरों को भारी नुकसान पहुंचा है। इसमें कई मवेशी मारे गए हैं। वहीं सांबा जिले के रामगढ़ के गाव नंगा में रात को हुई गोलाबारी से किसान अशोक कुमार की एक गाय की मौत हो गई व दूसरी घायल है। सुरजीत सिंह, नरेंद्र सिंह, सतनाम सिंह, ध्यान सिंह, छज्जा सिंह, विजय कुमार, श्मशेर लाल के घरों पर भी मोर्टार शेल गिरे। गुरुद्वारे की छत पर भी पाक का मोर्टार शेल गिरा, जिससे नुकसान हुआ है। मुख्य सड़क पर गिरा एक 82एमएम मोर्टार फटा नहीं। पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले लिया। गाव महाल शाह में कृष्ण चंद के घर पर मोर्टार शेल गिरा। सरहद के साथ लगते अन्य गाव जेरडा, दग, जस्सोचक, सामदू, कंदराल, अबताल, महालशाह, बक्खाचक, नथवाल, रंगूर, चक-पारस, बबराल, भंबोचक, नंदपुर, जोइया, जाड़, भामूचक में भारी नुकसान हुआ है।
------------------