मुगल रोड पर पांच माह बाद यातायात बहाल
जेएनएन पुंछ/श्रीनगर बफ्लेयाज और शोपियां के बीच बर्फ जमा होने के कारण पांच महीने से बंद पड
जेएनएन, पुंछ/श्रीनगर : बफ्लेयाज और शोपियां के बीच बर्फ जमा होने के कारण पांच महीने से बंद पड़ा मुगल रोड बुधवार को यातायात के लिए खोल दिया गया। पहले दिन पुंछ से शोपियां की ओर वाहनों को रवाना किया गया।
मैकेनिकल इंजीनियरिग विभाग ने करीब सात हफ्ते पहले बर्फ निकासी अभियान शुरू किया था, जिसे चार दिन पहले पूरा कर लिया गया। इसके बाद मुगल रोड परियोजना, मैकेनिकल इंजीनियरिग विभाग और पुलिस के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से निरीक्षण कर सड़क को यातायात के लिए उपयुक्त पाया। इसके बाद बुधवार सुबह पुंछ से शोपियां की ओर जाने वाली सिगल लेन में हल्के मोटर वाहनों को रवाना किया गया।
पुलिस उप महानिरीक्षक राजौरी-पुंछ रेंज के विवेक गुप्ता ने भी सड़क मार्ग का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पुंछ रमेश कुमार अगराल, पुलिस उपाधीक्षक ट्रैफिक मुहम्मद रफीक, स्टेशन हाउस अधिकारी सुरनकोट अनिल शर्मा और पुलिस के अन्य अधिकारी मौजूद थे। विवेक गुप्ता ने कहा कि बर्फ हटाने के बाद मुगल रोड पर यातायात बहाल किया गया है। लोगों को मार्ग पर वाहन चलाते समय दिशानिर्देश का पालन करना चाहिए।
गौरतलब है कि मुगल रोड को दिसंबर 2018 में यातायात के लिए बंद कर दिया गया था। मार्ग पर सिंथन टॉप व पीर की गली के नजदीक आठ-दस फीट बर्फ जमा हो गई थी। मार्च के दूसरे सप्ताह में मार्ग से बर्फ हटाकर इसे यातायात योग्य बनाने का काम शुरू किया गया था, जो 28 अप्रैल तक पूरा कर लिया गया। सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस रूरल मुजफ्फर अहमद शाह ने कहा कि मार्ग को बुधवार सुबह नौ बजे यातायात के लिए बहाल कर दिया गया। इसके बाद 160 वाहनों को राजौरी से श्रीनगर की तरफ रवाना किया गया। मार्ग फिलहाल एकतरफा यातायात के लिए खुला रहा रहेगा। मौसम ठीक रहने पर वीरवार को वाहनों को श्रीनगर से राजौरी की तरफ रवाना किया जाएगा।