चाइनीज डोर में फंसी चील की बचाई जान
संवाद सहयोगी पुंछ जिला मुख्यालय पर वन विभाग कार्यालय के नजदीक पेड़ पर चाइनीज डोर में फ
संवाद सहयोगी, पुंछ : जिला मुख्यालय पर वन विभाग कार्यालय के नजदीक पेड़ पर चाइनीज डोर में फंसी चील को वन्य जीव संरक्षण विभाग और दमकल विभाग की टीम ने संयुक्त प्रयास कर बचाया।
जिला मुख्यालय पर वन विभाग कार्यालय के नजदीक एक ऊंचे पेड़ पर चाइनीज डोर में फंसी चील उड़ने के लिए छटपटा रही थी, लेकिन उड़ नहीं पा रही थी, जिसे देखकर भीड़ इकट्ठी हो गई और वन्य जीव संरक्षण विभाग को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची वन्य जीव संरक्षण विभाग की टीम ने चील को बचाने के लिए राहत अभियान शुरू किया, लेकिन पेड़ ऊंचा होने के कारण बेबस नजर आए। उसके बाद दमकल विभाग को सहायता के लिए बुलाया गया। दोनों विभागों के कर्मचारी राहत कार्य में जुट गए और फायर ब्रिगेड की सीढ़ी के सहयोग से पेड़ पर चढ़कर चील को बचा लिया। चील पेड़ की अग्रिम टहनियों पर चाइनीज डोर में फंसी थी। दोनों विभागों की सूझ-बूझ से चील का रेस्क्यू कर सुरक्षित बचा कर वन्य जीव विभाग के कर्मचारियों के हवाले कर दिया गया। डॉक्टरों द्वारा जांच के बाद चील को छोड़ दिया गया। देखते ही देखते चील ने उड़ान भर ली।