पुंछ में श्रीश्री 1008 स्वामी विश्वात्मानंद का भव्य स्वागत
जागरण संवाददाता पुंछ श्री शंभू पंचायती अटल अखाड़े के पीठाधीश्वर बनने के बाद पहली बार पु
जागरण संवाददाता, पुंछ : श्री शंभू पंचायती अटल अखाड़े के पीठाधीश्वर बनने के बाद पहली बार पुंछ पहुंचे राजगुरू महामंडलेश्वर श्रीश्री 1008 स्वामी विश्वात्मानंद सरस्वती जी का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत यात्रा भी निकाली।
स्वामी जी दोपहर 12 बजे दशनामी अखाड़ा पुंछ पहुंचे। अखाड़े में पहले से ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे, जिन्होंने स्वामी का स्वागत किया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं ने स्वामी जी को भव्य रथ पर विराजमान करवाने के बाद ढोल-नागाढ़ों संग स्वागत यात्रा निकाली। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वामी जी का स्वागत किया। विभिन्न मार्गो और बाजारों से होती हुई स्वागत यात्रा वापस दशनामी अखाड़ा पहुंची। दशनामी अखाड़े में स्वामी जी ने श्रद्धालुओं को प्रवचनों से भी निहाल किया। स्वामी जी महाराज ने कहा कि जीवन में शांति के लिए क्रोध नियंत्रित करना सीखो। जिसने जीवन से समझौता करना सीख लिया वह संत हो गया। वर्तमान में जीने के लिए सजग और सावधान रहने की आवश्यकता है। जिसके भाग्य में है, उसे वही मिलेगा। सर्वोच्च सत्ता ईश्वर के ही हाथ में है। अत: यदि वह आपसे नाराज है तो दुनिया की कोई ताकत आपकी मदद नहीं कर सकती। इस अवसर पर विशाल भंडारे का भी आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान प्रशासन द्वारा भी सुरक्षा के काफी पुख्ता प्रबंध किए गए थे।