कुछ वर्षो में पर्यटन के क्षेत्र में पुंछ का विशेष स्थान होगा : पाटिल
संवाद सहयोगी पुंछ आने वाले कुछ वर्षो में पर्यटन के क्षेत्र में पुंछ का विशेष स्थान होगा
संवाद सहयोगी, पुंछ : आने वाले कुछ वर्षो में पर्यटन के क्षेत्र में पुंछ का विशेष स्थान होगा। पुंछ को भी जन्नत-ए- पुंछ के नाम से जाना जाएगा। यह बातें केंद्रीय पंचायती राज राज्यमंत्री कपिल मोरेश्वर पाटिल ने केंद्र सरकार के जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत पुंछ दौरे के दूसरे दिन कहीं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ध्यान जम्मू कश्मीर के विकास पर है। वह युवाओं को रोजगार प्रदान करने के लिए योजनाएं बना रहे हैं। वह जम्मू कश्मीर का विकास अपने ढंग से करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जिलों के विकास के साथ रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि हमारा यही प्रयास है कि हर क्षेत्र का विकास हो।
दौरे के दौरान उन्होंने डीडीसी, बीडीसी सदस्यों, जिले के पंच-सरपंचों के अलावा आम नागरिकों से मुलाकात के बाद डाक बंगला पुंछ में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। इस प्रदर्शनी में कृषि विभाग, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, पशुपालन, भेड़ पालन, सेरी कल्चर और अन्य विभाग अपनी गतिविधियों को प्रदर्शित करते हुए प्रदर्शनी में शामिल हुए। प्रदर्शनी के दौरान भारी संख्या में जिले के किसानों ने भाग लिया।
प्रदर्शनी के दौरान किसानों का मनोबल बढ़ाते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री पाटिल ने चार किसानों को ट्रैक्टर की चाबी चौंपी। इसके साथ ही अन्य कुछ किसानों की मेहनत को देखते हुए उनको नकद पुरस्कार से सम्मानित किया।
इस अवसर पर सांसद जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने राज्य के कोने-कोने में केंद्रीय मंत्रियों को भेजा है, ताकि राज्य में विकास को गति मिल सके। इसके साथ-साथ आम लोगों की छोटी-बड़ी समस्याएं मौके पर ही दूर हो सकें।