कालाकोट डिग्री कॉलेज विद्यार्थियों को दे रहा योग से स्वस्थ रहने की अहम जानकारियां
संवाद सहयोगी पुंछ डिग्री कॉलेज कालाकोट ऑनलाइन कार्यशाला के जरिए विद्यार्थियों को योग
संवाद सहयोगी, पुंछ : डिग्री कॉलेज कालाकोट ऑनलाइन कार्यशाला के जरिए विद्यार्थियों को योग से स्वस्थ रहने की जानकारियां उपलब्ध करवा रहा है। हरियाणा के योग इंस्ट्रक्टर डॉ. संजीव कुमार ने प्राणायाम, योग निद्रा के महत्व के बारे में बताया।
गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन गांदरबल के डॉ. शौकत हुसैन ने व्यायाम और कम चलने-फिरने से होने वाली बीमारी हाइपोकाइनेटिक की रोकथाम के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में युवा अधिक समय मोबाइल फोन पर व्यतीत कर रहे हैं। अगर हम व्यायाम नहीं करेंगे या सैर नहीं करेंगे तो मोटापा, तनाव, मधुमेह जैसी बीमारियां हमें घेर लेंगी। हमें रोजाना एक घंटे व्यायाम करना चाहिए। खाने की मात्रा कम होनी चाहिए। जंक फूड खाने से बचना चाहिए। दोपहर बाद के सत्र में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ऑनलाइन क्विज में सात विद्यार्थियों ने भाग लिया। मेंधाश, शैफाली, आसिफ करीम, राजा मानन, दीपिका, जीविका, सुनील मनोच, अंशु ने 40 में 40 अंक हासिल किए। कॉलेज के प्रिसिपल रमेश गुप्ता ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य पर हमारी योग को लेकर कार्यशाला चल रही है। ऑनलाइन विद्यार्थी और अध्यापक इससे जुड़ रहे हैं। हमारी कोशिश है कि योग के प्रति अधिक से अधिक लोग जागरूक हों। विशेषज्ञ योगासन करके भी बता रहे हैं।