सुममा पडियारी गांव की समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं
जागरण संवाददाता, कठुआ : प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता ठाकुर रंजीत सिंह ने मंगलवार कठुआ विस क्षेत्र के
जागरण संवाददाता, कठुआ : प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता ठाकुर रंजीत सिंह ने मंगलवार कठुआ विस क्षेत्र के गांव सुममा पडियारी के निवासियों को पेश आ रही समस्याओं से जिला प्रशासन को अवगत कराया।
रंजीत सिंह ने एसीआर जितेंद्र मिश्रा को बताया कि गांववासियों को पिछले तीन माह से सरकारी राशन की आपूर्ति नहीं हुई है। इसकी जांच पड़ताल की जाए और पता लगाया जाए कि कौन लोग गांव के राशन को आपूर्ति करने में अड़चन डालते हैं। अगर इसमें विभाग के ही कर्मी हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। गांव में अधिक लोग आर्थिक रूप से कमजोर हैं। जो सरकारी राशन लेकर किसी तरह से अपना समय निकालने का प्रयास करते हैं। इसके अलावा गांव में कई सालों से ग्रामीणों को केरोसिन नहीं मिला है, जबकि गांव में डिपो पर केरोसिन उनके कोटे का जारी होता है और उसके बाद भी उन्हें नहीं दिया जा रहा है। ये जांच का विषय है और लोगों के हक को हड़पने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। गांव के दर्जनों लोगों ने सरकारी स्कीम के तहत शौचालय का निर्माण तो कराया है, लेकिन उन्हें आज तक मंजूर राशि का बकाया पैसा नहीं मिला है। जिससे उन्हें सुविधा मिलने के साथ आर्थिक नुकसान हो रहा है। इनकी बकाया किस्त जारी की जाए ताकि उन्हें योजना का सही लाभ मिल सके। गांव में बहने वाली नहर से किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। इससे किसान सिंचाई से वंचित हैं। उन्हें फसल की सिंचाई के लिए समय पर पानी नहीं मिलने से नुकसान हो रहा है। एसीआर ने भाजपा नेता को गांववासियों की समस्याओं को संबधित विभागों के अधिकारियों को समाधान करने के निर्देश जारी करने का आश्वासन दिया।