कब सुधरेंगी कठुआ की सड़कें? कालीबाड़ी से शहीदी चौक तक गड्ढे ही गड्ढे, जनता परेशान; रात में बढ़ जाता खतरा
Kathua News: कठुआ में बदहाल सड़कें और बड़े-बड़े गड्ढे वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं, जिससे ...और पढ़ें

कठुआ की बदहाल सड़कें बनीं मुसीबत, लोग मांग रहे सुरक्षित मार्ग।
HighLights
कठुआ शहर की सड़कें गड्ढों से भरी, वाहन चालकों को परेशानी।
रात में स्ट्रीट लाइट की कमी से हादसों का खतरा बढ़ा।
स्थानीय लोगों ने तत्काल सड़क मरम्मत की मांग की।
जगारण संवाददाता, कठुआ। कठुआ शहर में बदहाल सड़कों की समस्या लोगों के लिए लगातार परेशानी का कारण बनी हुई है। शहर की कई प्रमुख सड़कों पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। स्थिति यह है कि सड़क कम और गड्ढे अधिक नजर आते हैं। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ ई-रिक्शा चालकों को भी इन गड्ढों के कारण मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
करीब 20 दिन पहले पारलीबंड क्षेत्र में हटली मोड़ रोड पर कुछ स्थानों पर गड्ढों को भरने का काम शुरू किया गया था। इससे लोगों में उम्मीद जगी थी कि जिला प्रशासन और विधायक के संज्ञान के बाद शहर की बदहाल सड़कों की हालत सुधरेगी। हालांकि, लोगों का कहना है कि मरम्मत का काम कुछ ही स्थानों तक सीमित रहा और अब तक पूरी सड़क को दुरुस्त नहीं किया जा सका है।
कालीबाड़ी चौक से शहीदी चौक तक बड़े-बड़े गड्ढे
कालीबाड़ी चौक से शहीदी चौक तक सड़क पर कई स्थानों पर बड़े गड्ढे हैं। इनमें कई जगह पानी भर जाने से गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। फारेस्ट विभाग कार्यालय के बाहर भी सड़क काफी समय से क्षतिग्रस्त है। सड़क पर बजरी और कंकड़ फैले होने से दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने की आशंका बनी रहती है।
रात में बढ़ जाती है परेशानी
शाहिद भगत सिंह पार्क से शहीदी चौक चौक तक रात के समय समस्या और गंभीर हो जाती है। कई स्थानों पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं होने के कारण वाहन चालकों को गड्ढे दिखाई नहीं देते। स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार वाहन चालक संतुलन खोकर गिर जाते हैं और चोटिल होने की स्थिति पैदा हो जाती है।
शहर के मुखर्जी चौक, नगरी कोर्ट रोड, पुलिस लाइन रोड, भगत सिंह पार्क के आसपास तथा हटली मोड़ से शहीद भगत सिंह पार्क रोड तक भी सड़क की हालत सुधारने की जरूरत है।
ग्रीन पार्क के सामने सड़क पर बना बड़ा और गहरा गड्ढा भी हादसों का कारण बन रहा है। एक ओर वाहन खड़े रहते हैं, जबकि दूसरी ओर गड्ढे के कारण मार्ग संकरा हो जाता है। अंबेडकर चौक से लेकर जराई चौक तक भी काफी बुरी हालत है।
लोगों ने जल्द मरम्मत की मांग उठाई
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि फिलहाल बारिश नहीं होने के कारण सड़कों की मरम्मत का काम जल्द पूरा करवाया जाए। लोगों का कहना है कि जगह-जगह गड्ढों को भरने के साथ सड़क की उचित मरम्मत की जाए, ताकि वाहन चालकों और राहगीरों को राहत मिल सके।
लोगों ने कहा कि विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर शहर की टूटी सड़कों की स्थिति अलग तस्वीर पेश कर रही है। उन्होंने प्रशासन से जल्द प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते सड़कों को दुरुस्त नहीं किया गया तो लोगों की परेशानी और नाराजगी बढ़ सकती है।
